भुता, बरेली। जनपद के थाना भुता के नवदिया गांव मे एक युवक का शव पेड़ पर लटका मिला। मगर पोस्टमार्टम के बाद परिजन ने भाभी और उसके मायके वालों पर हत्या का आरोप लगाकर हंगामा कर दिया। रिपोर्ट दर्ज करने की मांग करते हुए उन्होंने शव को बीसलपुर हाईवे पर रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। पुलिस ने भाभी समेत नौ आरोपियों के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज की है। भुता के गांव नवदिया निवासी 30 वर्षीय शैलेंद्र सिंह का शव रविवार सुबह आम के पेड़ पर प्लास्टिक की रस्सी के सहारे लटका हुआ मिला। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच के बाद शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेज दिया। पोस्टमार्टम होने के बाद शैलेंद्र के भाई विजय समेत अन्य परिजन उनका शव लेकर थाने पहुंचे और तहेरी भाभी नीतू व उनके मायके वालों पर हत्या का आरोप लगाते हुए रिपोर्ट दर्ज करने की मांग की। मगर पुलिस ने उन्हें बताया कि पोस्टमार्टम में मौत का कारण फंदा लगाना बताते हुए रिपोर्ट दर्ज करने से इनकार कर दिया। इस पर वे लोग भड़क गए और रिपोर्ट दर्ज करने की मांग करते हुए थाने में हंगामा शुरू कर दिया। इसके बाद उन लोगों ने शैलेंद्र का शव थाने के सामने बीसलपुर हाईवे पर रखकर हंगामा शुरू कर दिया। कुछ ही देर में वहां जाम लग गया और दोनों तरफ वाहनों की कतारें लग गई। महिलाएं बीच सड़क पर शैलेन्द्र का शव रखकर चीख-पुकार कर रही थी। सूचना पर सीओ संदीप सिंह मौके पर पहुंचे। उन्होंने परिवार वालों को समझाकर शांत किया और कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद विजय सिंह की तहरीर पर पुलिस ने तहेरी भाभी नीतू सिंह, मायके पक्ष से कुआंडांडा निवासी सोनू, अभय सिंह, किशनवीर, अरुण, आयुष, हरवीर, सत्यपाल और शिशुपाल के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया। रिपोर्ट दर्ज होने के बाद परिवार वाले शैलेंद्र का शव हाईवे से उठाकर घर ले गए और देर शाम अंतिम संस्कार किया गया। परिजन का कहना था कि उन लोगों के सामने तहेरी भाभी नीतू के मायके वाले शैलेंद्र को घर से उठा ले गए लेकिन पुलिस पोस्टमार्टम में हैंगिंग से मौत का दावा कर रही थी। इसको लेकर ही मामला बिगड़ गया और परिजन ने बीसलपुर हाईवे पर शव रखकर जाम लगा दिया। इस दौरान करीब आधा घंटा तक वहां जाम लगा रहा। परिवार वालों ने बताया कि शैलेंद्र का अपनी मां देवकुंवर से अक्सर विवाद होता था, जिस पर तहेरी भाभी नीतू मां का पक्ष ले लेती थी। आरोप लगाया कि 21 जनवरी को शैलेंद्र का अपनी मां देवकुंवर से झगड़ा हो रहा था। इसी दौरान नीतू वहां पहुंची और शैलेंद्र से मारपीट की। इसके बाद शैलेंद्र अपनी मां को लेकर नोएडा चला आया। नौ मई को शैलेंद्र अपनी मां को छोड़ने आया था। तभी तहेरी भाभी नीतू अपने मायके वालों को बुला लिया और शैलेंद्र को बेरहमी से पीटा।।
बरेली से कपिल यादव
