स्टूडेंट गवर्नेंस क्लब का कंपोजिट स्कूल नवादा बिलसंडी में भव्य आगाज़;नैंसी बनी प्रधानमंत्री

फरीदपुर (बरेली)। बीएसए डॉ विनीता, बीईओ फरीदपुर शीश पाल सिंह के निर्देशन में कंपोजिट स्कूल नवादा बिलसंडी, विकास क्षेत्र फरीदपुर, जनपद बरेली में विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास एवं नेतृत्व क्षमता को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से ‘स्टूडेंट गवर्नेंस क्लब’ का भव्य शुभारंभ किया गया। इस पहल का मुख्य उद्देश्य बच्चों में लोकतांत्रिक मूल्यों, जिम्मेदारी, अनुशासन एवं नेतृत्व कौशल का विकास करना है। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय परिवार की उपस्थिति में हुआ, जिसमें छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस अवसर पर राज्य पुरस्कृत शिक्षक, राज्य आईसीटी पुरस्कृत शिक्षक और विद्यालय के इंचार्ज प्रधानाध्यापक डॉ. अमित शर्मा ने विद्यार्थियों को क्लब की संरचना, उद्देश्यों एवं उनकी भूमिकाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी। साथ ही विभिन्न पदों—जैसे छात्र प्रधानमंत्री, मंत्रीगण एवं प्रतिनिधियों—के चयन की प्रक्रिया पर भी चर्चा की।
वरिष्ठ शिक्षक डॉ. अखिलेश उपाध्याय ने अपने संबोधन में कहा कि “स्टूडेंट गवर्नेंस क्लब” बच्चों को जिम्मेदार नागरिक बनने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। शिक्षक जलाल उद्दीन ने कहा कि इसके माध्यम से छात्र विद्यालय की गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी निभाते हुए निर्णय लेने की प्रक्रिया को समझ सकेंगे और अपने विचारों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करना सीखेंगे। प्रधानमंत्री पद पर नैंसी, खेल मंत्री रिंकू, प्रार्थना सभा मंत्री नेहा, सूचना एवं संचार मंत्री रोहित, सुरक्षा मंत्री अंजलि, शिक्षामंत्री प्रज्ञन्य शर्मा आदि विभिन्न मंत्रालयों के मंत्रियों का चुनाव किया गया और बच्चों को चुनाव प्रक्रिया, लोकतंत्र, पद एवं दायित्वों का बोध कराया गया। मीना मंच प्रभारी शिक्षिका प्रीति यादव, उड़ान सोशल साइंस लैब प्रभारी अम्बरीष प्रकाश मिश्रा, कपिल जायसवाल, आशा सिंह, ज्योति संदेश सिंह, पूजा रानी, लक्ष्मी देवी, अनीता सिंह, नीरज पटेल आदि ने बच्चों को बधाई दी और नए पद की जिम्मेदारी निभाने हेतु शुभकामना दी।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने अनुशासन, सहयोग और नेतृत्व के महत्व को समझते हुए इस नई पहल का स्वागत किया। अंत में सभी विद्यार्थियों ने विद्यालय के विकास में सक्रिय योगदान देने का संकल्प लिया।
विद्यालय परिवार ने इस पहल को एक नई शुरुआत बताते हुए आशा व्यक्त की कि यह क्लब विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास में मील का पत्थर साबित होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *