बरेली। सोशल मीडिया पर युवती से दोस्ती कर साइबर ठग ने खुद को आईपीएस अफसर बताकर जाल मे फंसा लिया। फिर उसने अपने साथी की मदद से गिफ्ट भेजने और उसके कस्टम मे फंसने का झांसा देकर 1.29 लाख रुपये ठग लिए। इस मामले मे दो आरोपियों के खिलाफ थाना बिथरी मे मुकदमा दर्ज कराया गया है। बिथरी चैनपुर के गांव नवदिया हरकिशन निवासी विमल पटेल ने पुलिस को बताया कि एक युवक ने खुद को आईपीएस लक्ष्य पांडेय बताकर उनकी बहन रूपलता से फेसबुक मैसेंजर पर संपर्क किया। उसने खुद को सीक्रेट मिशन पर लंदन मे तैनात बताया और 29 मार्च को अपना बर्थ-डे बताकर उनकी बहन को गिफ्ट भेजने की बात कही। यह गिफ्ट उसने अपने मित्र रोहित शर्मा के माध्यम से भेजने की बात कही। बाद मे उनकी बहन के पास रोहित की कॉल आई और बताया कि लक्ष्य पांडेय ने आईफोन, डायमंड का नेकलेस, कुछ डॉलर, सोने की रिंग व चेन भेजी है जो कस्टम ने पकड़ ली है। उसे छुड़ाने के बदले कई बार मे उसने 1.29 लाख रुपये विभिन्न खातों में ट्रांसफर करा लिए। सीबीआई का नाम लेकर भी आरोपियों ने धमकाया। उन्होंने पुलिस को बताया कि यह रकम दस बैंक खातों मे ट्रांसफर कराई गई है। एएसपी शिवम आशुतोष ने बताया कि लक्ष्य पांडेय दिल्ली पुलिस के ऑफिसर है। इन दिनों चंडीगढ़ मे तैनात है। सोशल मीडिया पर उनके नाम से कई फेक अकाउंट बने हुए है। उन्ही में से एक के जरिये यह ठगी की गई है। रिपोर्ट दर्ज कराकर मामले की जांच कराई जा रही है।।
बरेली से कपिल यादव
