बरेली। उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की सदस्य पुष्पा पाण्डेय ने शुक्रवार को जिले में महिलाओं से संबंधित विभिन्न संस्थाओं का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए। सबसे पहले उन्होंने वन स्टॉप सेंटर यूनिट-1 का निरीक्षण किया। केंद्र प्रबंधक चंचल गंगवार ने बताया कि जून माह में अब तक 106 प्रकरण प्राप्त हो चुके हैं। सदस्य ने केंद्र में रह रही पीड़ित महिलाओं से बातचीत कर उनकी समस्याएं जानीं और सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। उन्होंने काउंसलिंग रूम का भी जायजा लिया। उस समय घरेलू हिंसा से जुड़े एक मामले की काउंसलिंग चल रही थी। पुष्पा पाण्डेय ने दोनों पक्षों को आपसी समझ और प्रेम के साथ रहने की सलाह देते हुए दांपत्य जीवन को सुखद बनाने पर जोर दिया। इसके बाद उन्होंने 300 बेड संयुक्त जिला चिकित्सालय का आकस्मिक निरीक्षण किया। अस्पताल परिसर में संचालित तेरे मेरे सपने कार्यालय का भी निरीक्षण कर वहां मौजूद कर्मचारियों को आवश्यक निर्देश दिए। इसके बाद राज्य महिला आयोग सदस्य राजकीय महिला शरणालय पहुंची। यहां उन्होंने आवासित महिलाओं से बातचीत कर उनकी स्थिति और सुविधाओं की जानकारी ली। साथ ही शरणालय में उपलब्ध कराए जा रहे भोजन की गुणवत्ता भी जांची। भोजन की गुणवत्ता संतोषजनक पाई गई।।
बरेली से कपिल यादव
