बरेली। मुहर्रम पर किसी भी स्थिति में 12 फीट से ऊंचे ताजिया नही बनाए जाएंगे। न ही ताजिया निकालते वक्त किसी पेड़ को काटा जाएगा न ही किसी के मकान का छज्जा तोड़ा जाएगा। इसके लिए सभी थाना प्रभारी बैठक कर सभी ताजियादारों को समझा रहे हैं। यदि इसके बाद भी काई नियम तोड़ता है तो उसके विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी। यह आदेश डीआईजी अजय साहनी ने सभी जिलों को भेज दिया है। इसके अलावा पूरे परिक्षेत्र को सुरक्षा की दृष्टि से 55 जोन व 202 सेक्टर में बांटा गया है। डीआईजी अजय साहनी ने कहा कि सभी जिले व्यापक सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था बनाएं। पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती करें। जो भी संवेदनशील स्थल हैं वहां पर विशेष सतर्कता बरती जाए। इसके अलावा ड्रोन, सीसीटीवी कैमरों से भी निगरानी की जाए। डीआईजी ने कहा कि कही भी ताजियों की ऊंचाई 12 फीट से अधिक न हो। सभी ताजिया एवं जुलूस पूर्व निर्धारित एवं स्वीकृत मार्गों से ही निकाले जाएं। किसी भी प्रकार की भ्रामक, आपत्तिजनक अफवाह फैलाने वाली पोस्ट करने वालों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाए। जुलूस मार्गों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की जाए। उन्होंने कहा कि जुलूस के दौरान खतरनाक वस्तुओं या हथियारों के प्रदर्शन पर भी आयोजकों पर कार्रवाई की जाएगी। डीआइजी ने बताया कि परिक्षेत्र में कुल 1,384 जुलूस, निकलेंगे, जिसमें ताजियों की संख्या 2,128 होगी। दफनाये जाने वाले ताजियों की संख्या 2,003 होगी। इसके अलावा कर्बलाओं की संख्या 357 है। जिला बार देखें तो बरेली में कुल 894 जुलूस, निकलेंगे जिनमें ताजियों की संख्या 1,020, दफनाए जाने वाले ताजियों की संख्या 988 व कर्बलाओं की संख्या 131 है। इसी तरह से बदायूं में 144 जुलूस निकलेंगे इसमें ताजियों की संख्या 410 है और दफनाए जाने वाले ताजियों की संख्या 388 व कर्बलाओं की संख्या 66 है। पीलीभीत में 205 जुलूस निकलेंगे इसमें ताजियों की संख्या 447 है जिसमें दफनाए जाने वाले ताजियों की संख्या 383 व कर्बलाओं की संख्या 52 है। वहीं, शाहजहांपुर में 141 जुलूस निकलेंगे जिसमें ताजियों की संख्या 251 है। दफनाए जाने वाले ताजियों की संख्या 244 व कर्बलाओं की संख्या 108 है। डीआईजी अजय साहनी ने बताया कि पूरे परिक्षेत्र को कुल 55 जोन व 202 सेक्टर में बांटा गया है। इसमें बरेली में 44 जोन व 158 सेक्टर हैं। बदायूं में दो जोन व छह सेक्टर हैँ। पीलीभीत में चार जोन व 16 सेक्टर और शाहजहांपुर में पांच जोन व 22 सेक्टर हैं।।
बरेली से कपिल यादव
