चाचा विधायक हैं हमारे, काले रंग की बिना नंबर वाली कार और रसूख की धौंस

बरेली। बिना नंबर काले रंग की कार, शीशे पर विधायक लगा स्टीकर…. बरेली कालेज के पूर्वी गेट के बैरियर से प्रवेश के लिए टशन दिखाता विधि छात्र, प्राक्टोरियल बोर्ड से भिड़ गया। काफी देर जिद करने के बाद भी प्रवेश नहीं मिला तो विधायक को अपना रिश्तेदार बताकर धौंस जमाने लगा। इस पर शिक्षकों का पारा चढ़ गया, छात्र की फटकार लगाई। अनुशासनहीनता और परीक्षा समय में बाधा उत्पन्न करने पर प्राचार्य ने भी छात्र को कार्रवाई की चेतावनी दी। जिसके बाद वह वापस चला गया। बरेली कालेज मे प्रथम पाली में सुबह आठ से 11 बजे तक विधि की परीक्षा कराई गई। इसमें निरीक्षण के दौरान कुछ छात्रों की अंग्रेजी के शिक्षक से बहस हो गई, जिसके बाद सख्ती बढ़ा दी गई। परीक्षा समाप्त होने के बाद नाराज बीएएलएलबी छठे सेमेस्टर के कुछ छात्र पूर्वी गेट पर पहुंचे, जहां अपनी कार परिसर के अंदर ले जाने का प्रयास करने लगे। सुरक्षाकर्मियों ने मना किया तो जिद पर अड़ गए। सूचना पर पहुंचे चीफ प्राक्टर प्रो. आइएस चौहान, डाॅ. नीरज सक्सेना, डाॅ. योगेश शर्मा, डाॅ. महमूद व डाॅ. महेश आदि प्राक्टोरियल बोर्ड की टीम ने छात्र व उसके साथियों को वापस कर दिया, इस पर छात्र भड़क गए। एक छात्र ने खुद को विधायक का भतीजा बताते हुए प्रवेश देने के लिए कहा, जिससे शिक्षक भी आक्रोशित हो गए। मामला बढ़ने पर मौके पर प्राचार्य प्रो. ओमप्रकाश राय भी पहुंच गए, जिसके बाद छात्र मौके से चला गया। प्रकरण पूरे दिन कालेज में चर्चा का विषय बना रहा।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *