बरेली। समाजवादी पार्टी (सपा) के प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल ने भाजपा सरकार पर आधी आबादी को धोखा देने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में महिलाओं के खिलाफ अपराध बढ़े हैं और सरकार झूठे विधेयक से महिलाओं को गुमराह कर रही है। श्यामलाल पाल ने कहा कि सपा उत्तर प्रदेश में 2027 का विधानसभा चुनाव सामाजिक न्याय के मुद्दे पर लड़ेगी। सपा प्रदेश अध्यक्ष ने शनिवार को बरेली में प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि भाजपा सरकार में महिलाओं पर अत्याचार और दुराचार बढ़ा है। उन्होंने महिला विधेयक को देश की आधी आबादी के साथ धोखा बताया। कहा कि समाजवादी पार्टी महिलाओं के आरक्षण का समर्थन करती है, लेकिन उसमें पिछड़े, दलित और अल्पसंख्यक (पीडीए) महिलाओं के लिए भी आरक्षण होना चाहिए। गाजीपुर और हरदोई की घटनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि महिलाओं के साथ दुष्कर्म और हत्या के मामलों मे न्याय के बजाय राजनीति हो रही है। श्यामलाल पाल ने कहा कि भाजपा पंचायत चुनाव नही करवाना चाहती। जिससे ग्रामीण विकास बाधित होगा। उन्होंने सरकार और चुनाव आयोग पर लोकतंत्र की हत्या का आरोप लगाया। पाल ने घोषणा की कि समाजवादी पार्टी 2027 का चुनाव सामाजिक न्याय के मुद्दे पर लड़ेगी। उन्होंने विश्वविद्यालयों की बढ़ी हुई फीस, बंद होते प्राथमिक विद्यालयों, बढ़ती महंगाई और किसानों की समस्याओं का भी उल्लेख किया। पाल ने कहा कि पश्चिम बंगाल की तरह उत्तर प्रदेश की आधी आबादी भी भाजपा को सत्ता से बाहर करेगी। प्रेसवार्ता से पहले बरेली पहुंचे प्रदेश अध्यक्ष शनिवार को नवोदय अस्पताल पहुंचकर विधायक अताउर रहमान से मिले। श्याम लाल पाल ने विधायक अताउर रहमान के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। प्रेसवार्ता के दौरान जिलाध्यक्ष शुभलेश यादव, महानगर अध्यक्ष शमीम खां सुल्तानी, विधायक शहजिल इस्लाम, पूर्व सांसद प्रवीण ऐरन, सुल्तान बेग, सुप्रिया ऐरन, इंजिनियर अनीस अहमद, संजीव सक्सेना, हैदर अली, रविन्द्र यादव, अशोक यादव, मो. साजिद, मनोहर पटेल, भारती चौहान, पंडित दीपक शर्मा थे।।
बरेली से कपिल यादव
