बरेली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अपील पर जनप्रतिनिधियों व अफसरों ने स्कॉर्ट में लगे वाहनों को हटा दिया है। डीएम ने सोमवार और शनिवार को नो-व्हीकल डे घोषित किया है। यानी अफसर दोनों दिन अपने वाहन का प्रयोग नहीं करेंगे। समाधान दिवस में जाने के लिए सभी जिलास्तरीय अधिकारी ई-बस का इस्तेमाल करेंगे। पश्चिम एशिया संकट को देखते हुए रविवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पेट्रोल-डीजल, सोने और खाद्यान्न की खपत घटाने की अपील की थी। सोमवार को प्रधानमंत्री ने फिर इस अपील को दोहराया। इसका असर यह रहा कि बुधवार को जिलाधिकारी ने अपने स्कॉर्ट के दोनों वाहनों को हटा दिया। रोजाना आवास से कार्यालय पैदल आने का फैसला लिया। तय किया कि सप्ताह में दो दिन सोमवार और शनिवार को नो-व्हीकल डे मनाया जाएगा। इस दिन अधिकारी सरकारी और निजी वाहन का इस्तेमाल नहीं करेंगे। कार्यालय या तो पैदल आएंगे या साइकिल का इस्तेमाल करेंगे। समाधान दिवस के दिन सभी अधिकारी एक ही ई-बस में संबंधित तहसील जाएंगे और वहां से उसी बस से लौटेंगे। तहसील व ब्लॉक स्तरीय अधिकारियों की बैठक ऑनलाइन होगी। इससे डीजल की खपत कम होगी। वही शहर विधायक व राज्यमंत्री डॉ. अरुण कुमार ने कहा कि उनके स्कॉर्ट में दो गाड़ियां थी, अब एक को हटा दिया है। अब पुलिस की एक ही गाड़ी साथ चलेगी। भागदौड़ कम करने के लिए ऑनलाइन मीटिंंग को प्राथमिकता दी जाएगी। कैंट विधायक संजीव अग्रवाल ने कहा कि उनके स्कॉर्ट में एक वाहन था, जिसे हटा दिया है। अब वह अपने निजी वाहन से ही आवश्यक कार्य होने पर जाएंगे। लखनऊ में होने वाली बैठकें ऑनलाइन होंगी। बरेली सांसद छत्रपाल गंगवार ने कहा कि वह पहले से ही एक वाहन से चल रहे हैं। प्रधानमंत्री की अपील को जनआंदोलन बनाने के लिए वह बेहद जरूरी काम के लिए वाहन का इस्तेमाल करेंगे।।
बरेली से कपिल यादव
