हाफिजगंज, बरेली। जनपद के थाना हाफिजगंज क्षेत्र मे तमंचे के बल घर में घुसकर सो रही किशोरी का दबंग अपहरण कर ले गया। आरोपी घर से एक लाख की नकदी और जेवर भी ले गया। खोजबीन पर परिजन बेटी को आरोपी के घर से बरामद कर थाने ले आए। मां की तहरीर पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। किशोरी का कोर्ट में बयान दर्ज कराया गया है। थाना हाफिजगंज क्षेत्र के कस्बा रिठौरा मे किशोरी की मां ने रिपोर्ट दर्ज कराकर बताया कि गांव का एक युवक 12 मई को देर रात तमंचा लेकर घर में घुस गया और परिवार को जान से मारने की धमकी देकर नकदी व जेवरात लूट ले गया। इतना ही नही। आरोपी घर की नाबालिग लड़की को भी अपने साथ उठा ले गया। पीड़िता की मां का कहना है कि उसके पति ने तीन दिन पूर्व को एक भैंस 80 हजार में बेची थी। घर में एक लाख रुपये, सोने के कुंडल और अंगूठी संदूक मे रखी थी। काफी तलाश के बाद परिवार आरोपी के घर पहुंचा, जहां पहले युवक के परिजनों ने लड़की के वहां होने से इनकार किया गया, लेकिन दबाव बनाने पर लड़की को परिवार के हवाले किया। पुत्री के घटना की जानकारी देने पर वह उसे लेकर थाने पहुंची और अमन के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई। थाना प्रभारी प्रवीन सोलंकी ने बताया कि पीडिता की मां की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। किशोरी का कोर्ट में बयान दर्ज कराया गया है। उसके अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।।
बरेली से कपिल यादव
