टिटौली मे मोहर्रम जुलूस को लेकर नई परम्परा डालने का आरोप, ग्रामीणों में रोष

बरेली/फतेहगंज पश्चिमी। थाना क्षेत्र के गांव टिटौली मे मोहर्रम के जुलूस के दौरान नई परम्परा डालने को लेकर शुक्रवार को तनाव का माहौल बन गया। दूसरे समुदाय के लोगों ने आरोप लगाया कि जुलूस एक ही रास्ते से दो बार निकाला गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच के बाद नई परम्परा डालने से इनकार किया है। गांव निवासी अखिल भारतीय गौ रक्षा परिषद के प्रदेश सह प्रभारी जितेन्द्र श्रीवास्तव ने बताया कि गांव में किसी रूट पर जुलूस दोबारा नही जाता। शुक्रवार दोपहर बाद जुलूस आयोजकों ने मंदिर से प्राथमिक स्कूल वाले रास्ते पर जुलूस दो बार निकालकर नई परम्परा डाल दी। उन्होंने थाना प्रभारी निरीक्षक प्रवीन कुमार को फोन कर सूचना दी। पुलिस फोर्स मौके पर पहुंची तो नई परम्परा डालने वाले खुरापाती फरार हो गए। बचे लोग जुलूस को इमामबाड़ा की ओर ले गए। आरोप है कि नई परम्परा से दूसरे समुदाय के लोगों में रोष व्याप्त है। थाना प्रभारी प्रवीन कुमार ने बताया कि वह स्वयं मौके पर गए थे। जांच मे जुलूस को लेकर कोई नई परम्परा नही डाली गई। उस मोहल्ले मे जुलूस एक दिन पहले रात को गया था। दो परिवार चंदा देने से छूट गए थे। कुछ लोग भीड़ के रूप मे उन्हीं दो परिवारों से चंदा लेने गए थे। गांव मे किसी तरह का तनाव या रोष नही है। शांति व्यवस्था बनी हुई है।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *