फरीदपुर, बरेली। संपूर्ण समाधान दिवस मे फरीदपुर पहुंचे डीएम ने खानपुर गांव के किसान की जमीन का गलत अंश निर्धारण दर्ज करने की शिकायत पर कानूनगो ताहिर अली को सस्पेंड कर दिया। इस दौरान कुल 106 शिकायतें आई। जिसमें आठ का मौके पर निस्तारण किया गया। तहसील सभागार मे चल रहे संपूर्ण समाधान दिवस मे शनिवार को डीएम अविनाश सिंह पहुंचे। इस दौरान फरियादियों की भीड़ उमड़ पड़ी। खानपुर गांव के कृष्णपाल गंगवार ने शिकायत की कि लेखपाल ने उनकी कृषि भूमि के अंश निर्धारण की सही रिपोर्ट दी लेकिन कानूनगो ताहिर ने रिपोर्ट को बदलते हुए अंश निर्धारण गलत दर्ज करा दिया। शिकायत के बाद भी कार्रवाई नही की। डीएम ने समीक्षा मे कानूनगो ताहिर को दोषी पाया तो तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया। नवदिया कल्यानपुर के प्रधान शेरसिंह ने कहा कि पिछले वर्ष गांव के दबंग ने 108 बीघा सरकारी जमीन से फसल काट ली। डीएम ने एसडीएम से आरोपी को भू माफिया घोषित करने का निर्देश दिया। बिजली ट्रिपिंग पर एक्सईएएन को चेतावनी दी। शाहपुर बनियान से शिकायत थी कि बीईओ ने गांव के स्कूल मे सहायक अध्यापक को प्रभारी प्रधानाध्यापक बना दिया। जबकि सीनियर अध्यापक को चार्ज नही दिया गया। जिससे पढ़ाई प्रभावित हो रही है। डीएम ने बीईओ शीशपाल को फटकार लगाई। उन्हें शासन के निर्देशों के मुताबिक कार्य करने की हिदायत दी। नारेबाजी करने वालों पर भड़के डीएम : शनिवार को संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन चल रहा था। तभी सपा विधानसभा अध्यक्ष बलराम सिंह यादव तमाम कार्यकर्ताओं के साथ नारेबाजी करते पहुंचे। नारेबाजी करने वालों की वीडियोग्राफी कराई। सपा कार्यकर्ताओं ने शिकायत की कि जेड गांव के पास एनएचएआई ने कट बंद कर दिया। जिससे रॉन्ग साइड में लोग हाईवे पर चलने को मजबूर हैं। डीएम ने तत्काल पीडब्ल्यूडी के एई ओमकार सिंह को जांच कर रिपोर्ट देने का निर्देश दिया। डायट के आवासों पर बाहरी का कब्जा, प्राचार्य को नोटिस : लोगों ने शिकायत की कि डायट में सरकारी आवासों पर बाहरी लोग कब्जा किए है। डायट परिसर में कस्तूरबा की छात्राओं के आवास हैं। जिससे उनकी सुरक्षा को खतरा है। डीएम ने डायट की प्राचार्य दीप्ति से जानकारी की। डीएम ने प्राचार्य को नोटिस दिया। डीएम ने तहसील दिवस से आने के बाद शाम को पीसीएस मल्लिका नैन को अपर उप जिलाधिकारी सदर पद पर तैनाती करते हुए पीसीएस राम जनम यादव को एसडीएम फरीदपुर बना दिया। टूटी सड़कों और अस्पताल का उठाया मुद्दा : बहेड़ी के सम्पूर्ण समाधान दिवस में सभासदों ने अस्पताल में सुविधाओं और टूटी सड़कों का मुद्दा उठाया। तहसील सभागार में ज्वाइंट मजिस्ट्रेट की अध्यक्षता मे हुए संपूर्ण समाधान दिवस में सभासद सलीम चंदा और ताहिर पप्पू ने सरकारी अस्पताल में सुविधाओं की समस्या को उठाते हुए कहा कि अस्पताल में अल्ट्रासाउंड की व्यवस्था नही है। एक्स रे मशीन काफी पुरानी हो चुकी है। लैब बंद पड़ी हुई है। ईओ समेत पांच अधिकारी गैरहाजिर, कार्रवाई के निर्देश : नवाबगंज मे शनिवार को एडीएम न्यायिक की अध्यक्षता में हुए सम्पूर्ण समाधान दिवस से ईओ समेत पांच अधिकारी गैर हाजिर रहे। तहसील सभागार में फरियादियों की शिकायतें सुनने के लिए पहुंचे एडीएम देश दीपक ने सम्पूर्ण समाधान दिवस का उपस्थिति रजिस्टर चेक किया तो कई अफसर गैर हाजिर मिले तो कड़ी नाराजगी जताते हुए एसडीएम को गैर हाजिर अधिकारियों का स्पष्टीकरण तलब कर एक-एक दिन का वेतन काटे जाने की रिपोर्ट डीएम को भेजने के निर्देश दिए। इस दौरान कुल 51 शिकायतें दर्ज हुई। 43 शिकायतें दर्ज : आंवला तहसील सभागार मे शनिवार संपूर्ण समाधान दिवस में उपजिलाधिकारी विदुषी सिंह ने शिकायतों की सुनवाई कर कार्रवाई के निर्देश दिए। इसमें 43 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें से केवल चार का ही मौके पर निस्तारण हो सका। इसमें राजस्व की 20, पुलिस की 15, विकास की 2, समाज कल्याण विभाग की एक और अन्य विभागों से पांच शिकायतें प्राप्त हुईं। तहसीलदार बृजेश कुमार वर्मा, नायब तहसीलदार दीप्ति पाल और पूर्ति निरीक्षक शिखा पांडेय आदि अधिकारी मौजूद रहे। वही मीरगंज मे शनिवार को तहसील सभागार में समाधान दिवस का कमिश्नर भूपेंद्र एस चौधरी ने करीब पौने दो बजे औचक निरीक्षण किया। कमिश्नर ने पहले अधिकारियों की उपस्थिति पंजिका का निरीक्षण किया। उन्होंने एक-एक कर सभी अधिकारियों की मौजूदगी का सत्यापन किया। इस दौरान उन्हें सहायक अभियंता, ग्रामीण अभियंत्रण सेवा, सहायक अभियंता, अवर अभियंता जल निगम सहायक अभियंता अवर अभियंता नलकूप, वनाधिकारी मीरगंज और क्षेत्राधिकारी पुलिस अनुपस्थित रहे। जिसके चलते अपर जिलाधिकारी पूर्णिमा सिंह ने अनुपस्थित रहे अधिकारियों से तीन दिन स्पष्टीकरण मांगा है। इसके बाद कमिश्नर ने समाधान दिवस मे उपस्थित शिकायतकर्ताओं की समस्याओं को सुना। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को शिकायतों का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। समाधान दिवस में 32 शिकायते प्राप्त हुई। जिसमें चार का मौके पर निस्तारण किया गया।।
बरेली से कपिल यादव
