फरीदपुर, बरेली। जनपद की थाना फरीदपुर पुलिस ने बुधवार को आईपीएल मैचों में बड़े पैमाने पर सट्टा लगाने के आरोप मे ओमेंद्र यादव नामक शराब कारोबारी को गिरफ्तार किया है। यह सट्टेबाजी का नेटवर्क करीब 150 लोगों को जोड़कर चलाया जा रहा था। जिसके तार मथुरा, मध्य प्रदेश, उत्तराखंड और नेपाल तक फैले हुए थे। आरोपी के बैंक खातों में पिछले चार-पांच वर्षों में सात करोड़ रुपये का लेन-देन भी सामने आया है। एसपी दक्षिणी ने बुधवार को एक प्रेसवार्ता में इस बड़े सट्टेबाजी नेटवर्क का खुलासा किया। उन्होंने बताया कि आरोपी ओमेंद्र यादव के फोन की गहन जांच से हवाला के रुपयों के लेन-देन का भी पता चला है। पुलिस ने आरोपी के पास से दस हजार रुपये नकद बरामद किए हैं। इसके अतिरिक्त, छह डेबिट कार्ड, एक नेपाली सिम कार्ड, पांच पासबुक और तीन खाते की चेकबुक भी मिली हैं। जांच के दौरान दो कूटरचित आधार कार्ड और दो पैन कार्ड भी जब्त किए गए। आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी के बैंक खातों में एक दिन में सौ से अधिक लेन-देन हो रहे थे। पुलिस अब इस नेटवर्क के अन्य सदस्यों की तलाश कर रही है।।
बरेली से कपिल यादव
