वृद्धाश्रम मे 110 वर्षीय बुजुर्ग का लिया आशीर्वाद, बांटी राहत सामग्री

बरेली। रोटरी क्लब ऑफ बरेली साउथ ने बुधवार को नए रोटरी वर्ष 2026-27 की शुरुआत सेवा कार्यों के साथ की। क्लब ने कैंट स्थित वृद्धाश्रम पहुंचकर वरिष्ठ नागरिकों को राहत और सम्मान प्रदान किया। इस दौरान दो कूलर, योगा मैट और दैनिक उपयोग की आवश्यक सामग्री भेंट की गई। कार्यक्रम का सबसे महत्वपूर्ण क्षण तब आया जब क्लब के सदस्यों ने वृद्धाश्रम में रह रही 110 वर्षीय बुजुर्ग महिला से मुलाकात की। सदस्यों ने उनका आशीर्वाद लिया और अन्य बुजुर्गों के साथ समय बिताया, नाश्ता किया तथा उनसे आत्मीय संवाद स्थापित किया। इस पहल से बुजुर्गों के चेहरों पर खुशी दिखाई दी। मुख्य अतिथि विधायक संजीव अग्रवाल ने रोटरी क्लब की इस पहल की सराहना की। उन्होंने कहा कि समाज के वरिष्ठ नागरिक अनुभव और संस्कारों की धरोहर हैं। उनके सम्मान और सुविधा के लिए किए गए सेवा कार्य समाज को सकारात्मक संदेश देते है। क्लब अध्यक्ष रोहित जिंदल ने बताया कि रोटरी का उद्देश्य केवल वस्तुएं उपलब्ध कराना नहीं, बल्कि समाज के हर वर्ग के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाना है। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि पूरे वर्ष स्वास्थ्य, शिक्षा, पर्यावरण संरक्षण, महिला सशक्तिकरण और सामाजिक सेवा से जुड़े कई जनकल्याणकारी अभियान चलाए जाएंगे। क्लब सचिव शिशिर पांडेय, कोषाध्यक्ष विरेश मित्तल, कम्युनिटी सर्विस डायरेक्टर राकेश धीरवानी, डॉ. रवि मेहरा, डॉ. विनोद पागरानी, डॉ. एस.के. भारद्वाज, अनुपम कपूर, राजीव बूबना, संदीप मेहरा, दिनेश प्रधान, अनिल मनोहर, डी.सी. खंडेलवाल, गौतम सक्सेना, संजय गर्ग, अमित अग्रवाल और मुकेश खंडेलवाल सहित क्लब के कई सदस्य उपस्थित थे।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *