लाइनमैन के खिलाफ कार्रवाई के लिए भाजपाइयों ने खोला मोर्चा

फरीदपुर, बरेली। जनपद के थाना फरीदपुर क्षेत्र मे कुआंडांडा बिजली घर के लाइनमैन के खिलाफ कार्रवाई के लिए भाजपाइयों ने मोर्चा खोल दिया है। भाजपा मंडलाध्यक्ष श्याम देव सिंह ने कार्यकर्ताओं के साथ आंवला जिलाध्यक्ष से लाइनमैन की शिकायत की। उन्होंने बिजली निगम के अधिकारियों से बातचीत करके लाइनमैन के खिलाफ केस दर्ज करने के लिए कहा। एसडीओ ने स्पष्टीकरण आने के तत्काल बाद आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने का भरोसा दिया है। एक्सईएएन ने लाइनमैन के बयान दर्ज किए है। भाजपा मंडल अध्यक्ष श्यामदेव सिंह और उनके साथियों ने कुछ दिन पहले ऊर्जा मंत्री से कुआंडांडा के लाइनमैन मुख्तियार सिंह की शिकायत की थी। आरोप था कि लाइनमैन ने अपने घर को बिजली उपकरणों का गोदाम बना रखा है। घर पर बड़ी संख्या में ट्रांसफार्मर, बंच केबल और अन्य उपकरण रखे हैं। भाजइयों ने आरोप लगाया कि क्षेत्र में ट्रांसफार्मर फुंकने पर उपभोक्ताओं से चार से छह हजार रुपये लेकर लाइनमैन अपने पास रखे ट्रांसफार्मर उपलब्ध कराता था। शिकायत के बाद ऊर्जा मंत्री ने मामले की जांच बरेली के एक्सईएन को सौंपी। लखनऊ से मिले निर्देश के बाद भुता के एसडीओ विपुल शुक्ला ने टीम के साथ लाइनमैन के घर छापेमारी की। छापेमारी में घर पर बने गोदाम से 63 केवीए, 25 केवीए और 10 केवीए क्षमता के कई ट्रांसफार्मर मिले थे। इसके अलावा बड़ी मात्रा में बंच केबल और अन्य बिजली उपकरण भी बरामद किए थे। लाइनमैन से स्पष्टीकरण तलब किया, लेकिन उसने स्पष्टीकरण नहीं दिया। बुधवार को भाजपा के मंडल अध्यक्ष श्याम देव सिंह चौहान कार्यकर्ताओं के साथ आंवला जिला अध्यक्ष आदेश प्रताप सिंह के पास पहुंचे। उन्होंने लाइनमैन के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की मांग की। जिला अध्यक्ष ने विभागीय अफसरों से वार्ता करके आरोपी लाइनमैन के खिलाफ कार्यवाही करने के लिए कहा। एक्सईएएन ने लाइनमैन को बुलाकर उसके बयान दर्ज किये। भुता के एसडीओ विपुल शुक्ला ने बताया कि स्पष्टीकरण आने के बाद लाइनमैन के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की कार्यवाही की जाएगी।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *