मीरगंज मे अंडरपास के पास खुली नई पुलिस चौकी, एसपी साउथ ने किया शुभारंभ

मीरगंज, बरेली। कानून-व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए मीरगंज में अंडरपास के पास बनी नई कस्बा चौकी का एसपी साउथ अंशिका वर्मा ने सोमवार को शुभारंभ किया। चौकी शुरू होने के साथ ही अब कस्बे और आसपास के क्षेत्रों में पुलिस की निगरानी और तेज होगी, जबकि आम लोगों को भी अपनी शिकायत लेकर थाने के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। पुलिस चौकी के उद्घाटन अवसर पर एसपी साउथ अंशिका वर्मा ने क्षेत्र के संभ्रांत लोगों से सीधा संवाद किया। उन्होंने कहा कि नई चौकी का उद्देश्य लोगों की समस्याओं का तत्काल समाधान करना और पुलिस की पहुंच को और प्रभावी बनाना है। किसी भी परेशानी की स्थिति में लोग सीधे चौकी पहुंचकर अपनी शिकायत दर्ज करा सकेंगे। नई चौकी पर चौबीसों घंटे पुलिस बल की तैनाती रहेगी। इसके साथ ही जनसुनवाई रजिस्टर की व्यवस्था भी की गई है, ताकि आने वाली शिकायतों का रिकॉर्ड रखा जा सके और उनके निस्तारण की निगरानी हो सके। पुलिस अधिकारियों का मानना है कि चौकी शुरू होने से अपराध नियंत्रण और जनता की सुरक्षा व्यवस्था को नई मजबूती मिलेगी। चौकी के उद्घाटन के बाद एसपी साउथ अंशिका वर्मा ने थाना मीरगंज का निरीक्षण कर प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे नव नियुक्त रिक्रूट आरक्षियों और महिला आरक्षियों से मुलाकात की। उन्होंने प्रशिक्षण की गुणवत्ता, अनुशासन और कार्यप्रणाली का जायजा लेते हुए जवानों से सीधे बातचीत की। निरीक्षण के दौरान प्रशिक्षण व्यवस्थाओं का बारीकी से अवलोकन किया गया।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *