मनौना के श्याम मंदिर से अगवा बच्चा मिला, दोनों अपहरणकर्ताओं को लगी गोली

आंवला, बरेली। जनपद के थाना आंवला के मनौना श्याम मंदिर से रविवार दोपहर अगवा डेढ़ साल का बच्चा ऋषभ अंतर जनपदीय बच्चा चोर गिरोह के शिकंजे मे था। मंगलवार आधी रात मे दोनों अपहरणकर्ताओं को पुलिस ने घेर लिया। दोनों आरोपियों को पैर में गोली लगी है जबकि पुलिस का एक दीवान भी घायल हुआ है। पुलिस ने बच्चे को सुरक्षित तलाश कर अस्पताल में भर्ती कराया है। एसपी दक्षिणी अंशिका वर्मा ने बताया कि मनौना मंदिर से रविवार दोपहर सफाईकर्मी रमन का डेढ़ साल का बेटा ऋषभ अगवा कर लिया गया था। मौके पर पुलिस को दो संदिग्ध लोगों की फुटेज मिली थी। इसी के सहारे पांच टीमें आरोपियों की सुरागकशी में जुटी थी। पुलिस टीम को अलीगंज रोड पर बदमाशों के बाइक पर बच्चा लेकर जाने की जानकारी मिली। पीछा किया तो हुलासी फाटक के पास बाइक सवार दो लोगों को बच्चे के साथ जाते देखा। पुलिस ने टोका तो आरोपियों ने फायरिंग कर दी। एक गोली हेड कांस्टेबल उमेश की बांह से छूती निकल गई। जवाबी फायरिंग मे दोनों आरोपियों को पैर मे गोली लग गई। इनमें शाहजहांपुर के गढ़िया रंगीन थाने के धोपला करीम नगर गांव का निवासी एमएससी नर्सिंग का छात्र योगेश और दूसरा शाहजहांपुर के जलालाबाद मे रह रहा बदायूं के ककराला कस्बा का निवासी पवन सिंह निकला। बाइक गिरने से बच्चा भी गिर पड़ा। जिसे पुलिस ने सुरक्षित कब्जे मे ले लिया। उसे सीएचसी में भर्ती कराया गया है। उसके सिर में मामूली चोट बताई जा रही है। जिसकी वजह से पट्टी बंधी है। एसपी दक्षिणी अंशिका वर्मा ने बताया कि मंगलवार देर रात आंवला सीओ के नेतृत्व में थाना पुलिस ने दो अपहरणकर्ता गिरफ्तार कर लिए, दोनों के पैर में गोली लगी है। बच्चा भी इनके पास सुरक्षित मिल गया। उसे एहतियात के तौर पर अस्पताल भेजा गया है। गिरोह की गतिविधियों के बारे में जानकारी की जा रही है।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *