फतेहगंज पश्चिमी, बरेली। जनपद की मीरगंज सीट से भाजपा विधायक डॉ. डीसी वर्मा के भतीजे अंकित वर्मा लापता हो गए हैं। अंकित, भोजीपुरा स्थित एसआरएमएस से फॉर्मेसी की पढ़ाई कर रहे हैं। गुरुवार की शाम से उनकी कोई खबर नही है। बेटे की तलाश मे जुटे परिजनों ने भोजीपुरा थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई है। परिवार के साथ पुलिस अंकित की तलाश में जुटी है। 24 वर्षीय अंकित वर्मा के पिता राम प्रकाश वर्मा ने पुलिस को दी शिकायत मे कहा कि उनका बेटा एसआरएमएस मे एम. फार्मा का छात्र है। सात मई की शाम करीब 6 बजे अंकित घर से निकले। परिवार के मुताबिक उन्होंने मंदिर जाने की बात कही थी लेकिन देर रात तक नही लौटे। परिजनों को चिंता हुई तो उन्होंने अंकित से संपर्क करने की कोशिश की। संपर्क नही होने पर घरवाले उनकी तलाश मे जुट गए। लेकिन शुक्रवार तक अंकित का कोई सुराग नही लगा। अनहोनी की आशंका से परेशान परिजनों ने पुलिस से संपर्क किया और गुमशुदगी दर्ज कराई है। उधर अंकित के अचानक गायब होने से घर में बेचैनी का आलम है। परिजन नाते-रिश्तेदारों से लेकर दोस्तों तक मे तलाशकर थक चुके हैं। चूंकि मामला विधायक के परिवार से जुड़ा है इसलिए पुलिस-प्रशासनिक हलके मे भी हलचल है। और सभी शिद्दत के साथ अंकित की तलाश में जुटे है। बताते हैं कि अंकित का मोबाइल बंद है। इसलिए घरवाले और ज्यादा बेचैन है। हालांकि पुलिस टीमें अंकित की तलाश में लगी हैं और कॉलेज से लेकर उनके बाहर तक के दोस्तों से संपर्क साध रही है। भोजीपुरा थाने मे तैनात सब-इंस्पेक्टर सुशील कुमार मामले की जांच कर रहे हैं। कॉलेज के सीसीटीवी कैमरों की जांच से लेकर छात्रों से बातचीत की जा रही है। घरवाले भी बेटे की तलाश में खाक छान रहे है।।
बरेली से कपिल यादव
