बिशारतगंज, बरेली। जनपद के थाना विशारतगंज कस्बे मे एक पारंपरिक आयोजन पिन्नी के दौरान मिठाई खाने के बाद कई महिलाओं की अचानक तबीयत बिगड़ गई। सभी प्रभावित महिलाओं को पास के निजी अस्पतालों में भर्ती कराया गया। जहां उनका उपचार जारी है। जानकारी के अनुसार वार्ड नंबर 8 निवासी अभिषेक गोस्वामी के घर पर पिन्नी की परंपरा के तहत मोहल्ले की महिलाओं को आमंत्रित कर मिठाई खिलाई गई थी। मिठाई मे इस्तेमाल मावा (खोया) खाने के कुछ ही समय बाद हिमांशी गोस्वामी, पिंकी गोस्वामी, शोभा देओल, इंदिरा देवी, रिया गोस्वामी, रेखा साहू, सुमन गोस्वामी, अंशिका साहू और आरोही गोस्वामी समेत कई महिलाओं की तबीयत बिगड़ने लगी। घटना की सूचना मिलते ही अभिषेक गोस्वामी ने थाना बिशारतगंज पुलिस और खाद्य विभाग को सूचना दी। मौके पर पहुंची खाद्य विभाग की टीम और पुलिस ने जांच शुरू की। खाद्य विभाग के अधिकारी वर्मा ने बताया कि मावा बिशारतगंज स्थित धर्मपाल साहू की दुकान से खरीदा गया था। जांच के दौरान दुकान से मावा और पनीर के सैंपल लिए गए। जिन्हें लैब जांच के लिए भेज दिया गया है। साथ ही करीब 7 किलो 500 ग्राम मावा मौके पर ही नष्ट कर दिया गया। पास की एक अन्य दुकान से भी मावा और पनीर के नमूने लिए गए है। सभी प्रभावित महिलाओं की हालत मे सुधार बताया जा रहा है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि त्योहारों और आयोजनों में खाद्य सामग्री खरीदते समय गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखें।।
बरेली से कपिल यादव
