बरेली। देश की प्रमुख प्रतियोगी परीक्षाओं में लगातार सामने आ रहे पेपर लीक और परीक्षा अनियमितताओं के मुद्दे को लेकर कांग्रेस ने केंद्र सरकार पर निशाना साधा है। मंगलवार को रामपुर गार्डन स्थित कांग्रेस कार्यालय में आयोजित मंडलीय प्रेसवार्ता में पार्टी नेताओं ने दावा किया कि बार-बार होने वाली गड़बड़ियां लाखों छात्रों के भविष्य और परीक्षा प्रणाली की विश्वसनीयता पर गंभीर सवाल खड़े कर रही है। प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता डॉ. के. बी. त्रिपाठी ने कहा कि नीट समेत विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में वर्षों से अनियमितताओं के आरोप सामने आते रहे है। जिससे मेहनत करने वाले छात्रों का मनोबल प्रभावित हो रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने में सरकार विफल रही है। कांग्रेस ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग दोहराते हुए परीक्षा व्यवस्था में व्यापक सुधार की आवश्यकता बताई। प्रेसवार्ता में नेताओं ने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं में बार-बार विवाद सामने आने से युवाओं के बीच असुरक्षा की भावना बढ़ रही है। उनका कहना था कि छात्रों को निष्पक्ष और भरोसेमंद परीक्षा प्रणाली उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिक जिम्मेदारी है। महानगर कांग्रेस अध्यक्ष दिनेश दद्दा एडवोकेट ने शिक्षा व्यवस्था में सुधार की जरूरत पर जोर देते हुए कहा कि छात्रों की भागीदारी से नई शिक्षा नीतियों और परीक्षा प्रक्रियाओं को अधिक प्रभावी बनाया जा सकता है। उन्होंने युवाओं को बेहतर अवसर और पारदर्शी व्यवस्था देने की मांग की। प्रेसवार्ता में पार्टी के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता भी मौजूद रहे।।
बरेली से कपिल यादव
