बरेली। जनपद के थाना इज्जतनगर क्षेत्र मे मंगलवार सुबह दिल्ली-लखनऊ राष्ट्रीय राजमार्ग पर लालपुर चौराहे के पास एक भीषण सड़क हादसे में डीसीएम चालक की मौत हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और बचाव कार्य शुरू किया। हादसा उस समय हुआ जब ट्रक अगला टायर अचानक फट गया। टायर फटने से ट्रक अनियंत्रित होकर डिवाइडर पर चढ़ गया। इसी दौरान पीछे से तेज गति से आ रही डीसीएम ने ट्रक मे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि डीसीएम का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक केबिन मे फंस गया। अहलादपुर चौकी प्रभारी उप निरीक्षक विकास यादव अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उप निरीक्षक जयप्रकाश, हेड कांस्टेबल दिनेश गिरी, हेड कांस्टेबल इंद्रजीत, कांस्टेबल रामनरेश और कांस्टेबल विवेक राणा ने स्थानीय लोगों की मदद से चालक को काफी मशक्कत के बाद केबिन से बाहर निकाला। चालक को तत्काल अस्पताल ले जाया गया। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान मोहम्मद वसीम कुरैशी उर्फ मुन्ना (38) पुत्र यासीन, निवासी ग्राम सफेद, थाना कोतवाली, जनपद बाराबंकी के रूप में हुई है। पुलिस ने परिजनों को हादसे की सूचना दे दी है। दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हाईवे से हटाकर यातायात को सुचारु कर दिया गया है।।
बरेली से कपिल यादव
