हाफिजगंज, बरेली। जनपद के थाना हाफिजगंज क्षेत्र मे सड़क किनारे खड़े वाहनों से डीजल चोरी कर तस्करी करने वाले गिरोह के चार सदस्यों को गिरफ्तार किया गया है। उनसे चोरी का 160 लीटर डीजल, 315 बोर का तमंचा, एक कारतूस, डीजल निकालने के लिए प्रयोग किया गया प्लास्टिक पाइप, चार मोबाइल फोन, नकदी और एक कार बरामद हुई है। सीओ नवाबगंज निलेश मिश्रा ने बताया कि दो जुलाई की रात हाफिजगंज थाना की पुलिस टीम हरहरपुर मटकली पुलिया पर गश्त कर रही थी। इस दौरान मुखबिर ने सूचना दी कि काली कार में चोरी का डीजल ले जाया जा रहा है। बताया कि गाड़ी में असलहा भी हैं। इसपर टीम ने पंडरी पुलिया पर घेराबंदी की। नौआ नगला गांव की ओर से आ रही कार को रोका गया। चेकिंग के दौरान कार की डिकी से 160 लीटर डीजल और डीजल चोरी में इस्तेमाल किया गया 10 फुट लंबा प्लास्टिक पाइप मिला। कार सवार युवकों ने अपनी पहचान पीलीभीत के मुड़िया हुलास निवासी श्याम मिश्रा, भदपुरा निवासी अनुराग कश्यप, हाफिजगंज के नौआ नगला निवासी राजेश कुमार और क्योलड़िया के नकटी नारायणपुर निवासी ललित गंगवार बताई। चारों ने पूछताछ मे सितारगंज, रुद्रपुर और बहेड़ी क्षेत्र में चोरी की बात कबूली। बताया, वे सड़क किनारे और ढाबों पर खड़े ट्रकों डीजल चुराकर सस्ते दामों में बेचते थे। बरामद डीजल 30 जून को बहेड़ी क्षेत्र के शेरगढ़ रोड बाइपास से चोरी किया गया था। ललित की तलाशी में 315 बोर का तमंचा और कारतूस मिला है। चार मोबाइल फोन और नकदी भी बरामद की गई है। बहेड़ी थाने में आरोपियों के खिलाफ डीजल चोरी की रिपोर्ट दर्ज है। बरामद कार के दस्तावेज प्रस्तुत न कर पाने पर मोटर वाहन अधिनियम के तहत भी रिपोर्ट दर्ज की गई है। गिरफ्तार किए गए आरोपियों को कोर्ट में पेश किया गया। वहां से जेल भेजा गया है।।
बरेली से कपिल यादव
