बरेली। गर्मी के प्रचंड तेवरों के बीच बुखार-डायरिया का हमला थम नहीं रहा। खासकर बच्चों पर डायरिया का हमला लगातार तेज होता जा रहा है। जिला अस्पताल मे बच्चा वार्ड पूरी तरह भर गया है। बीमार बच्चों को भर्ती करने के लिए अतिरिक्त बेड और बेंच लगाया गया है। एडीएसआईसी ने स्टाफ को निर्देश दिया है कि बीमार बच्चों की इलाज को पहली प्राथमिकता मानते हुए वापस न किया जाए। जिला अस्पताल के बच्चा वार्ड में शनिवार को 35 बच्चे भर्ती थे। इसमें 24 बच्चे डायरिया और बुखार से पीड़ित हैं। शनिवार को ओपीडी में इलाज कराने आए तीन बच्चों की हालत गंभीर होने पर उनको भी भर्ती किया गया है। स्टाफ ने बीमार बच्चों की संख्या बढ़ने पर अतिरिक्त बेड और बेंच लगा दिया है। वहीं, ओपीडी में शनिवार को मरीजों की खासी भीड़ रही। गर्मी के चलते बुखार के साथ ही पेट से जुड़ी बीमारियों के मरीजों की संख्या तेजी से बढ़ी है। ओपीडी में बुखार के साथ ही पेट दर्द, उलटी-दस्त, बदहजमी के मरीज बढ़ गए हैं। प्रेशर बढ़ने की परेशानी होती है। अधिक धूप में निकलने से बचें। पर्याप्त मात्रा में पानी पिएं और घर से बाहर निकलते समय सिर जरूर ढके। गर्मी के प्रचंड तेवर को देखते हुए अस्पतालों में हीट वेव से बचाव के इंतजाम किए जा रहे हैं। जिला अस्पताल की ओपीडी में मरीजों के लिए बड़ा कूलर लग गया है। इससे मरीजों को काफी राहत मिली है। ओपीडी में आने वाले मरीज गर्मी से बचने के लिए कूलर के सामने बैठे रहे। जिला अस्पताल के सभी वार्डों में भी पंखे दुरुस्त हो गए है।।
बरेली से कपिल यादव
