बरेली/ फतेहगंज पश्चिमी। थाना क्षेत्र के धनेटा क्रासिंग पर खड़ी घोड़ा बग्गी एवं ईको को पीछे से ट्रक ने टक्कर मार दी। हादसे के बाद ईको कार रोड किनारे आस्थाई दुकानों में घुस गई। नौ घायल हो गए। भमोरा के गांव चकरपुर से राजकुमार की बारात गुरुवार को शाम को मीरगंज के गांव चनेटा मे आई थी। बारात चढ़ाने के बाद दावत खाकर घोड़ा बग्गी और ईको कार से कुछ बाराती घर लौट रहे थे। रात मे दो बजे धनेटा क्रासिंग बंद मिलने पर बग्गी खड़ी होकर क्रासिंग खुलने का इंतजार करने लगी। ईको भी बग्गी के पीछे खड़ी हो गई। पीछे से आए ट्रक ने ईको मे टक्कर मार दी। ट्रक की टक्कर से ईको बग्गी से टकराकर रोड किनारे अस्थाई दुकानों मे घुस गई। जिससे राकेश राठौर की रेडीमेड स्टोर, रोहिताश राठौर की फल एवं दीवान सिंह की फसल की दुकानें बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। बग्गी चालक मोबीन शाह निवासी सोरहा फतेहगंज पश्चिमी, अंकित पुत्र राजीव, विनोद पुत्र जगदीश, कमलेश पुत्र रूपचंद, लव-कुश पुत्र रुपचंद, महेश, मदन लाल सहित नौ लोग घायल हो गए। पुलिस ने घायल मोबीन, अंकित, विनोद, कमलेश, लवकुश को राजश्री अस्पताल मे भर्ती करा दिया। एसओ प्रयागराज सिंह ने बताया 12 वर्षीय कमलेश पुत्र रूपचंद की हालत गंभीर है। घायलों ने बताया वे बारात की दावत खाकर रात में ईको से घर लौट रहे थे। ट्रक ने मारी मोपेड को टक्कर, बुजुर्ग की मौत : फतेहगंज पश्चिमी। झुमका तिराहे पर गुरुवार शाम ट्रक ने मोपेड में टक्कर मार दी। मोपेड सवार वृद्ध की मौत हो गई। ठिरिया ठाकुरान थाना सीबीगंज निवासी 60 वर्षीय चंद्रपाल सिंह पुत्र राजपाल गुरुवार शाम मोपेड से झुमका चौराहा के पास हाइवे पार कर रहे थे। मोपेड को ट्रक ने टक्कर मार दी। चंद्रपाल की मौके पर मौत हो गई। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करा कर परिजनों को सौंप दिया। स्कूल वैन ने आटो में मारी टक्कर, महिला घायल : नवाबगंज। मोहल्ला कुम्हारान निवासी रेशमा शुक्रवार ऑटो से हाफिजगंज गांव में भाई के घर जा रही थीं। पीछे से तेज रफ्तार स्कूल वैन ने ऑटो को टक्कर मार दी। रेशमा गंभीर चोटें आईं। परिजनों ने उन्हें कस्बे के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। तहरीर महिला के बेटे सरताज की ओर से थाना नवाबगंज मे दी गयी है।।
बरेली से कपिल यादव
