जनगणना:अतिरिक्त जिला कलक्टर भुवनेश्वर सिंह चौहान ने प्रशिक्षण व्यवस्थाओं का लिया जायजा

राजस्थान/बाड़मेर- जिला कलक्टर सुशील कुमार यादव के निर्देशानुसार जनगणना-2027 को सफलतापूर्वक संपन्न कराने के उद्देश्य से जिले में प्रशासनिक तैयारियां तेज कर दी गई हैं। इसी क्रम में अतिरिक्त जिला कलक्टर भुवनेश्वर सिंह चौहान ने सिवाना, समदड़ी, नगर परिषद बालोतरा तथा पंचायत समिति बालोतरा में आयोजित जनगणना अधिकारियों के प्रशिक्षण कार्यक्रमों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अधिकारियों और कार्मिकों को संबोधित करते हुए कहा कि जनगणना-2027 देश की पहली ऐसी जनगणना होगी, जिसमें आंकड़ों का संग्रहण पूर्णतः डिजिटल माध्यमों से किया जाएगा। प्रगणक अब विशेष मोबाइल एप्लीकेशन के जरिए सीधे स्मार्टफोन पर घर-घर जाकर आंकड़े संकलित करेंगे, जिससे प्रक्रिया अधिक पारदर्शी, तेज और सटीक बनेगी।

उन्होंने बताया कि इस बार आमजन की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए स्व-गणना का विकल्प भी उपलब्ध रहेगा। नागरिक निर्धारित वेब पोर्टल के माध्यम से स्वयं अपनी जानकारी दर्ज कर सकेंगे, जिससे जनगणना प्रक्रिया और अधिक सुगम व सहभागी बनेगी। प्रशिक्षण के दौरान अधिकारियों को जनगणना की चरणबद्ध प्रक्रिया की जानकारी देते हुए बताया गया कि यह कार्य दो चरणों में संपन्न होगा। प्रथम चरण 16 मई से 14 जून 2026 तक संचालित किया जाएगा, जिसमें मकानों का सूचीकरण, उनकी स्थिति, उपलब्ध सुविधाएं एवं परिसंपत्तियों से संबंधित आंकड़े जुटाए जाएंगे। इसके बाद द्वितीय चरण 9 फरवरी से 28 फरवरी 2027 तक चलेगा, जिसमें प्रत्येक व्यक्ति से संबंधित सामाजिक एवं आर्थिक जानकारी जैसे आयु, लिंग, शिक्षा, वैवाहिक स्थिति और आजीविका के विवरण संकलित किए जाएंगे।

एडीएम चौहान ने जनगणना कार्य को अत्यंत महत्वपूर्ण और संवेदनशील बताते हुए सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ समयबद्ध तैयारियां पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रगणकों और सुपरवाइजर्स की तैनाती प्रशिक्षण शुरू होने से पहले ही सीएमएमएस पोर्टल पर अनिवार्य रूप से दर्ज की जाए, ताकि कार्य में किसी प्रकार की बाधा न आए।
उन्होंने जोर देते हुए कहा कि आंकड़ों के संकलन में शुद्धता, पारदर्शिता और विश्वसनीयता सर्वोपरि होनी चाहिए। साथ ही जनगणना कार्य में लगे सभी कार्मिकों को अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा, तटस्थता और राष्ट्र सेवा की भावना के साथ करने के निर्देश दिए गए।
उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इस दौरान विभिन्न विभागों के अधिकारी, प्रशिक्षक एवं जनगणना से जुड़े कार्मिक उपस्थित रहे, जिन्होंने प्रशिक्षण के माध्यम से डिजिटल जनगणना की बारीकियों को समझा और सफल क्रियान्वयन का संकल्प लिया।

— राजस्थान से राजूचारण

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *