बरेली/ फतेहगंज पश्चिमी। थाना क्षेत्र के गांव कुरतरा मे कैंसर से पीड़ित चल रही दूसरी आंगनबाड़ी सहायिका गुलशन की शनिवार को मौत हो गई। इससे पहले आंगनबाड़ी सहायिका हीराकाली की मौत कैंसर से हो चुकी है। जिससे गांव मे दहशत है। गांव कुरतरा निवासी गुलशन (55) गांव के ही आंगनबाड़ी केन्द्र पर सहायिका थी। उनके भतीजे आमिर ने बताया वह पिछले कई महीने से पेट की बीमारी से पीड़ित थी। पेट मे दर्द होता था। बरेली के डॉक्टर की सलाह पर उत्तराखंड के ऋषिकेश एम्स ले गए। जांच मे कैंसर की पुष्टि हुई थी। कैंसर किडनी, लीवर आदि मे फैल गया था। एम्स मे इलाज के दौरान शनिवार सुबह चार बजे उनका निधन हो गया। 15 दिन पहले गांव मे ही आंगनबाड़ी दूसरे केंद्र की सहायिका हीराकली की कैंसर से मौत हो गई थी। गांव के सफीक सैफी, पुष्पा भारद्वाज भी कैंसर से पीड़ित है। गांव के हरिशंकर गंगवार,12 वर्षीय बच्चा भास्कर गंगवार, निसार अहमद, शब्बीर अहमद इनके बेटे रहीस अहमद और उनकी पत्नी, हाजी असगर अली,बिलकीसन, रहीसन अंसारी, अबरार हुसैन इनकी पत्नी, बेनीराम सागर शकुंतला आदि की दो साल के अंदर मौत हो गई है। कैंसर से पीड़ित इतनी मौतों से गांव मे दहशत है। खिरका सीएचसी चिकित्सा अधिकारी संचित शर्मा ने बताया गांव में एएनएम रबीना गंगवार को चारों आशा वर्कर के साथ टीम बनाकर सर्वे करने के निर्देश दिए है। कैंसर के कारणों को पता चलने पर रोकथाम के लिए जरूरी कदम उठाए जाएंगे।।
बरेली से कपिल यादव
