सीतापुर – उत्तर प्रदेश के सीतापुर में एक युवक ने रविवार दोपहर तमंचे से कनपटी पर गोली मार ली। बताया जा रहा है कि मृतक खेत में जोताई कर रहा था। तभी उसने खुद को गोली मार ली। घटना से आस-पास काम कर रहे लोग दंग रह गए। आननफानन में युवक को उसका बड़ा भाई जिला अस्पताल लेकर दौड़ा, जहां प्रारंभिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने हालत नाजुक देख उसे लखनऊ के ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया। एंबुलेंस हाईवे पर खैराबाद के पास पहुंची ही थी कि युवक ने बड़े भाई की गोद में दम तोड़ दिया।
अवैध तमंचा से दाग ली गोली: मामला इमलिया सुल्तानपुर थानाक्षेत्र के सहादतनगर भेखा गांव का है। काजी कमालपुर चौकी इंचार्ज जितेंद्र बहादुर सिंह ने बताया कि विशाल सिंह पुत्र पुखराज सिंह रविवार दोपहर अपने खेत में जोताई कर रहा था। वहीं, उसने कनपटी पर अवैध तमंचे से खुद को गोली मार ली। लखनऊ ले जाने के दौरान उसकी एंबुलेंस में ही मौत हो गई। मृतक विशाल सिंह के शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। मौके से तमंचा बरामद किया गया है। विधि विज्ञान प्रयोगशाला (एफएसएल) के विशेषज्ञों की टीम जांच करेगी।