बरेली। समाजवादी छात्र सभा ने पीएचडी प्रवेश परीक्षा के आवेदन मे एक हजार रुपये लेट फीस लिए जाने को लेकर विश्वविद्यालय मे विरोध प्रदर्शन किया। कुलसचिव को ज्ञापन सौंपकर एक हजार रुपये लेट फीस न लेने और पीएचडी प्रवेश परीक्षा का मॉडल पेपर जारी करने की मांग की है। सोमवार को समाजवादी छात्र सभा के प्रदेश सचिव फैज मोहम्मद के नेतृत्व मे कार्यकर्ता विश्वविद्यालय पहुंचकर कुलसचिव डॉ. राजीव कुमार से मिले। पीएचडी प्रवेश परीक्षा आवेदन मे एक हजार रुपये लेट फीस वसूले जाने का विरोध दर्ज कराया। मांग की आखिरी दिन वेबसाइट पर सर्वर की खराबी के कारण काफी छात्र आवेदन करने से रह गए और फीस नही जमा कर पाए। एक हजार रुपये लेट फीस के साथ 31 दिसंबर तक ऑनलाइन आवेदन करने की आखिरी तारीख है। ऐसे में छात्रों को बिना लेट फीस के आवेदन तथा फीस जमा करने का मौका दिया जाए। इसके साथ ही आवेदन की तिथि बढ़ाई जाए। साथ ही पीएचडी प्रवेश परीक्षा से पहले मॉडल पेपर विश्वविद्यालय जारी करे क्योंकि हर बार छात्र पीएचडी प्रवेश परीक्षा के पेपर को लेकर भ्रमित रहते है। विरोध प्रदर्शन करने वालों मे फैज मोहम्मद, सचिन वर्मा, धीरज कुमार, मोहम्मद शाहरुख अंसारी, दामोदर पटेल मौजूद थे।।
बरेली से कपिल यादव
