बरेली/फतेहगंज पश्चिमी। हाइवे पर बेकाबू होकर बहगुल नदी के पुल के पास 20 फुट गहरी खाई में रोडवेज की बस गिर गई। यात्रियों की चीख पुकार सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से बस मे फंसे यात्रियों को निकाला। बस मे बैठे 13 यात्री घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को दूसरी बसों से बरेली भेज दिया। आपको बता दें कि नोएडा डिपो की रोडवेज बस बुधवार की सुबह बरेली जा रही थी। बस में 13 यात्री बैठे थे। सुबह छह बजे पुल बहगुल नदी के पुल की चढ़ाई पर अचानक बेकाबू हो गई। बस रेलिग तोड़ कर 20 फुट नीचे खाई में जा गिरी। जिस स्थान पर बस गिरी उससे सटा गांव थानपुर है। जोरदार धमाके और यात्रियों की चीख पुकार सुनकर गांव के लोग दौड़ते हुए मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों की सूचना पर फतेहगंज पश्चिमी पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से क्षतिग्रस्त बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला। बस में सवार सभी यात्री घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को दूसरी बसों में बैठाकर बरेली भेज दिया। दुर्घटना के बाद चालक बस छोड़ कर भाग गया। बस अचानक बेकाबू क्यों हुई यह स्पष्ट नहीं है। गांव थानपुर के सुरेश कुमार ने बताया मैं घर में बैठा चाय पी रहा था। अचानक जोरदार आवाज हुई। आवाज सुनकर हाइवे की ओर आया। गांव के पास रोडवेज बस पड़ी थी। बस में चोटिल यात्री बचाने की गुहार लगा रहे थे। परिचालक धर्मेंद्र ने बताया बस में बैठे सभी यात्रियों को चोटिल हुए हैं। कोई गंभीर रूप से घायल नहीं हुआ।।
बरेली से कपिल यादव