शीशगढ़, बरेली। उत्तराखंड के एक युवक ने जिले के शीशगढ़ मे आकर आत्महत्या कर ली। खुदकुशी करने से पहले युवक ने एक वीडियो बनाया। जिसमें उसने कहा कि मेरी लव मैरिज हुई थी। लव मैरिज से अब मेरा भरोसा उठ गया है। मेरे भाईयों लव मैरिज कभी मत करना। इतना कहने के बाद उसने अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। युवक ने अपनी मौत का जिम्मेदार पत्नी, सास ,ससुर, सालेे और साले की पत्नी को ठहराया है।वीडियो मे युवक ने यह भी कहा है कि पत्नी के सामने वह गिड़गिड़िया, माफी मांगी फिर भी वह साथ रहने को राजी नहीं हुई। मरने के लिए मुझे मजबूर कर दिया गया। युवक ने वीडियो में पीएम मोदी से इंसाफ की गुहार लगाई है। आपको बता दें कि थाना शीशगढ़ के टांडा छंगा जंगल में उत्तराखंड के सितारगंज निवासी शानू पुत्र नवी की जंगल में पेड़ से लटकती लाश मिली थी। स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस पहुंची। शव को फंदे से उतारकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। शानू ने शीशगढ़ निवासी शमा से कुछ साल पहले लव मैरिज की थी। शादी के बाद उनकी एक बेटी भी हुई। कुछ महीने पहले शमा लड़ाई करके बेटी को लेकर मायके में रहने लगी। शानू कई बार पत्नी को लेने ससुराल आया लेकिन वह साथ रहने को राजी नही हुई। शनिवार को भी शानू पत्नी को ससुराल लेने आया तो पत्नी समेत ससुरालियों ने उसे प्रताड़ित कर भगा दिया। परेशान शानू इस बार अपने घर नहीं गया और शीशगढ़ के टांडा छंगा के जंगल पहुंचा। जहां उसने खुदकुशी करने से पहले वीडियो बनाया। वीडियो में युवक ने यह भी बताया है कि उसे उसकी बेटी से भी मिलने नहीं दिया जाता था। 10 दिन से वह बहुत परेशान है। बेटी से मिलने के लिए तड़पाया गया। उसने पत्नी और बेटी को बुलाने के लिए पुलिस से भी शिकायत की लेकिन पुलिस ने सुनवाई नहीं की बल्कि उसे पीट कर भगा दिया। खुदकुशी के बाद शानू का वीडियो वायरल हुआ। इसमे पुलिस पर सुनवाई नहीं करने और पिटाई का आरोप लगाया है। जिंदा रहते तो पुलिस ने शानू की सुनवाई नही की लेकिन मौत के बाद उसके आरोपों की पड़ताल शुरू कर दी है। एसएसपी रोहित सिंह सजवाण का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है।।
बरेली से कपिल यादव