बरेली/फतेहगंज पश्चिमी। भाजपा की मंडल इकाई फतेहगंज पश्चिमी की दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यशाला बुधवार को कस्बे के गांव रहपुरा जागीर स्थित त्रिलोक चंद्र डिग्री कॉलेज में शुरू हुई। कार्यशाला को पांच सत्रों में विभाजित कर विभिन्न विषयों पर चर्चा की गई। कार्यशाला का शुभारंभ भाजपा के पिछड़ा मोर्चा के प्रदेश महामंत्री पूरनलाल लोधी ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय, श्यामा प्रसाद मुखर्जी के चित्रों पर माल्यार्पण कर किया गया। पूरनलाल लोधी ने हमारा विचार परिवार विषय पर चर्चा की। महानगर महामंत्री अधीर सक्सेना ने वर्तमान भारत की मुख्य धारा हमारी विचारधारा विषय पर विस्तृत चर्चा की। क्षेत्रीय उपाध्यक्ष हर्षवर्धन आर्य ने भाजपा के इतिहास एवं पार्टी की विकास की नीतियों के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने कहा कि केंद्र एवं प्रदेश सरकार की कल्याणकारी योजनाओं से विकास पहिया तेजी से घूम रहा है। प्रदेश कार्यसमिति सदस्य गुलशन आनंद ने वर्ष 2014 के बाद भारत की राजनीति में बदलाव पर प्रकाश डाला। कार्यशाला की अध्यक्षता मंडल अध्यक्ष संजय चौहान व संचालन सुनील शर्मा ने किया। इस अवसर पर क्षेत्र के विधायक डॉ डीसी वर्मा, जिला उपाध्यक्ष अजय सक्सेना, मंडल महामंत्री कैलाश शर्मा, गौरव मिश्रा, ओमेंद्र चौहान, पूर्व चेयरमैन विजय कुमार गुप्ता, रमन जायसवाल, केपी राना, सौरभ पाठक सहित अन्य लोग भी मौजूद रहे।।
बरेली से कपिल यादव