मध्यप्रदेश- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार में केंद्रीय मंत्री और राष्ट्रीय लोक समता पार्टी (आरएलएसपी) के अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा ने आज मंगलवार को भारतीय जनता पार्टी को बड़ा झटका दे दिया। उन्होंने साफ कर दिया कि वह मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के साथ गठबंधन नहीं करेंगे। चुनावों में उनकी पार्टी अपने दम पर लड़ेगी। कुशवाहा ने सीटों की संख्या का जिक्र करते हुए कहा, “हम 66 विधानसभाओं पर अपने प्रत्याशी उतार रहे हैं।”
मध्य प्रदेश में नवंबर में चुनाव हैं, जिससे पहले कुशवाहा का यह बयान राष्ट्रीय लोकतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) में पड़ती दरार की ओर इशारा कर रहा है। नई दिल्ली स्थिति आवास पर आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में आरएलएसपी अध्यक्ष ने आगे बताया, “बीजेपी को इस बारे में पहले ही अवगत करा दिया था कि हमारी पार्टी और समर्थक क्या चाहते (लोकसभा चुनाव में सीटों के सिलसिले में) हैं। उन्होंने तब कहा था- हम बातचीत करेंगे। चर्चाएं तो सकारात्मक रही थीं। पर अभी तक कुछ तय नहीं हुआ है।”