राजस्थान/बाड़मेर- अजाणियों की ढाणी स्थित ब्रह्मलीन संत हरिदास महाराज के आश्रम तक पहुंचने का रास्ता 15 साल बाद आखिरकार खुल गया। एसडीओ धोरीमन्ना बद्रीनारायण विश्नोई की समझाइश और पहल पर देवासी परिवार ने आश्रम के पहुंच मार्ग के लिए अपनी खातेदारी भूमि स्वेच्छा से समर्पित कर दी। इसके बाद रविवार को प्रशासनिक टीम ने मौके पर पहुंचकर जेसीबी की सहायता से करीब 1.5 किलोमीटर लंबे अवरुद्ध रास्ते को खुलवाया।
एसडीओ बद्रीनारायण विश्नोई ने बताया कि संत हरिदास महाराज के आश्रम तक पहुंच मार्ग खोलने के लिए वर्ष 2006 से प्रयास किए जा रहे थे, लेकिन खातेदारों की सहमति नहीं बनने के कारण रास्ते का समाधान नहीं हो पा रहा था। गत सप्ताह उन्होंने खातेदार ऊदाराम, गणेशाराम, चतरदेवी, चेनाराम, जगाराम एवं पांचूदेवी से समझाइश वार्ता कर जनहित में रास्ते के लिए भूमि समर्पित करने पर सहमति बनाई, खातेदारों की सहमति के बाद तहसीलदार धोरीमन्ना चंद्रप्रकाश शर्मा ने जनहित में भूमि समर्पण के आदेश जारी किए। देवासी परिवार ने अपनी खातेदारी भूमि खसरा नंबर 390 में से 0.1295 हेक्टेयर भूमि रास्ते के लिए स्वेच्छा से समर्पित की।
रविवार सुबह एसडीओ विश्नोई प्रशासनिक टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जेसीबी की सहायता से करीब 1.5 किलोमीटर लंबे अवरुद्ध मार्ग को खुलवाया। रास्ता खुलने से आश्रम पहुंचने वाले श्रद्धालुओं एवं ग्रामीणों को आवागमन में सुविधा मिलेगी। ग्रामीणों ने प्रशासन की पहल और देवासी परिवार के भूमि समर्पण की सराहना करते हुए इसे जनहित में महत्वपूर्ण कदम बताया। इस दौरान देवासी परिवार के लाखाराम, पांचाराम, शम्भूराम, भभूताराम, रामजीवन गोदारा, नरपत तेतरवाल,आश्रम के पुजारी गोरधन खिलेरी सहित अनेक ग्रामीण एवं श्रद्धालु मौजूद रहे।
— राजस्थान से राजूचारण
