* मौके पर 24 हितग्राहियों को वितरित किए स्वीकृति पत्र, प्रधानमंत्री मातृ वंदना, लाड़ली लक्ष्मी, राशन पर्ची एवं पेंशन के हितग्राही लाभान्वित
* एक माह के अभियान एवं प्री-शिविरों में प्राप्त आवेदनों का निराकरण कर राजनगर में 8,565 हितग्राहियों को मिला योजनाओं का लाभ
खुजराहो – मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान वर्ष 2026 के अंतर्गत छतरपुर जिले के राजनगर जनपद पंचायत क्षेत्र में एक माह तक आयोजित शिविर एवं प्री-शिविरों के दौरान प्राप्त आवेदनों का निराकरण कर 8,565 हितग्राहियों को विभिन्न शासकीय योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ प्रदान किया गया। शुक्रवार को मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के अंतर्गत बमीठा स्थित शासकीय माध्यमिक शाला में शिविर आयोजित किया गया। शिविर में राजनगर विधायक अरविंद पटेरिया एवं जिला पंचायत सीईओ नमः शिवाय अरजरिया ने आमजन की समस्याएं सुनीं तथा मौके पर निराकरण के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया।
इस दौरान प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के तहत 3 महिलाओं को राशि स्वीकृति पत्र, लाड़ली लक्ष्मी योजना के अंतर्गत 4 बालिकाओं को पंजीयन प्रमाण पत्र, 7 हितग्राहियों को राशन पर्ची स्वीकृति पत्र तथा 10 बुजुर्ग हितग्राहियों को 600-600 रुपए मासिक पेंशन के स्वीकृति पत्र वितरित किए गए।
अभियान के तहत विभिन्न विभागों द्वारा प्राप्त जानकारी के अनुसार जनपद पंचायत राजनगर क्षेत्र में संबल योजना पंजीयन, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, दिव्यांगता प्रमाण पत्र के लिए चयनित हितग्राही, राष्ट्रीय परिवार सहायता, जन्म-मृत्यु पंजीयन, बीपीएल पंजीयन, श्रम योगी मानधन, अनुग्रह सहायता एवं आयुष्मान कार्ड सहित विभिन्न योजनाओं के माध्यम से पात्र हितग्राहियों को लाभान्वित किया गया।
एकीकृत महिला एवं बाल विकास विभाग के अंतर्गत प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना एवं लाड़ली लक्ष्मी योजना के हितग्राहियों को लाभ प्रदान किया गया। खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग द्वारा नवीन राशन पर्चियां जारी की गईं, वहीं राजस्व विभाग के विभिन्न आवेदनों का निराकरण कर हितग्राहियों को राहत प्रदान की गई।
मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के माध्यम से शासन की विभिन्न योजनाओं एवं सेवाओं को आमजन तक पहुंचाने, पात्र हितग्राहियों को लाभान्वित करने तथा प्राप्त आवेदनों का समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करने का कार्य निरंतर किया जा रहा है।
— खुजराहो से आशुतोष मिश्रा
