छतरपुर-पन्ना नेशनल हाईवे पर बड़ा हादसा, कंक्रीट से भरा ट्रक पलटा: केबिन में जिंदगी और मौत के बीच फंसा चालक

* बमीठा थाना क्षेत्र की घटना, करीब एक घंटे से ट्रक के केबिन में फंसा ड्राइवर, 45 मिनट तक एंबुलेंस और मदद का इंतजार!

छतरपुर। छतरपुर-पन्ना नेशनल हाईवे पर बमीठा थाना क्षेत्र में कंक्रीट से भरा एक ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसा इतना भीषण था कि ट्रक चालक वाहन के केबिन में बुरी तरह फंस गया। बताया जा रहा है कि चालक करीब एक घंटे से ट्रक के अंदर फंसा हुआ है। उसे सुरक्षित बाहर निकालने के लिए रेस्क्यू की आवश्यकता है।

वहीं दूसरी ओर मौके से सामने आ रही जानकारी के अनुसार, करीब 45 मिनट तक न तो कोई एंबुलेंस पहुंची और न ही कोई मदद के लिए मौके पर पहुंचा। ऐसे में घायल चालक की जिंदगी को लेकर गंभीर चिंता बनी हुई है।

आखिर कब जागेगा प्रशासन?

छतरपुर-पन्ना नेशनल हाईवे की बदहाल स्थिति को लेकर पहले भी कई बार शिकायतें की जा चुकी हैं। इसके बावजूद सड़क की स्थिति में अपेक्षित सुधार नहीं दिखाई दे रहा है। अब बड़ा सवाल यह है कि क्या प्रशासन किसी बड़ी जनहानि का इंतजार कर रहा है?

आखिर कब तक इस सड़क पर लोगों की जान जोखिम में रहेगी? क्या संबंधित विभाग और प्रशासन किसी बड़े हादसे के बाद ही जागेंगे?

प्रशासन को चाहिए कि तत्काल राहत एवं बचाव कार्य सुनिश्चित करे और हाईवे की बदहाल स्थिति को सुधारने के लिए ठोस कदम उठाए, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों को रोका जा सके।

— खुजराहो से आशुतोष मिश्रा

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *