बहेड़ी, बरेली। लोक आस्था का महापर्व छठ पूजा का सोमवार सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ समापन हो गया। सुबह होते ही रामगंगा घाट, देवरनिया घाट और नैनीताल रोड स्थित शिव पार्वती मंदिर समेत शहर के विभिन्न मंदिरों, सरोवरों पर व्रतियों व श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी। व्रतियों ने उदीयमान सूर्य को अर्घ्य दिया और छठी मैया की पूजा-अर्चना की। इसके साथ ही चार दिवसीय छठ महापर्व की साधना पूरी हुई। सुबह घाटों पर छठी मइया के पारंपरिक गीत गूंजते रहे। व्रतियों ने सूप और डलिया में फल, ठेकुआ और पूजन सामग्री सजाकर सूर्यदेव को अर्घ्य दिया। इस दौरान परिवार के अन्य सदस्य भी पूजा में शामिल हुए। श्रद्धालुओं ने छठी मइया से परिवार की सुख-समृद्धि, संतान की लंबी आयु और खुशहाली की कामना की। पूजा के बाद व्रतियों ने प्रसाद ग्रहण कर 36 घंटे का निर्जला व्रत खोला। इसके साथ ही छठ महापर्व का संपन्न हो गया। सोमवार को घाटों पर छठी मैया के पारंपरिक गीतों और जयकारों के बीच आस्था का अद्भुत संगम देखने को मिला। महात्मा ज्योतिबा फूले रुहेलखंड विश्वविद्यालय परिसर स्थित शिव पार्वती मंदिर छठी मइया के पारंपरिक गीतों से गूंज उठा। देर रात से ही व्रतियों ने मंदिर सरोवर में खड़े होकर साधना शुरू की। उगते सूर्य को अर्घ्य और पूजन के बाद प्रसाद ग्रहण कर 36 घंटे का निर्जला व्रत खोला। वही बहेड़ी में उगते सूर्य को उषा अर्घ्य देने के साथ हो गया। सुबह 6 बजकर 34 मिनट पर जैसे ही सूरज की पहली किरण निकली, पूरा घाट छठी मैया और सूर्य देव के जयकारों से गूंज उठा। सोमवार को सुबह 4 बजे से ही व्रती महिलाएं अपने परिवार के साथ घाटों पर पहुंचने लगी थीं। बहेड़ी के प्रमुख घाटों, तालाबों और सेमीखेड़ा चीनी मिल परिसर में बने अस्थायी घाट पर सुबह से ही भारी भीड़ लगी रही। व्रतियों ने बांस के सूप में ठेकुआ, फल, नारियल, गन्ना, सिंघाड़ा, शकरकंद सजाकर कमर तक पानी में खड़े होकर उगते सूर्य को दूध और जल से अर्घ्य दिया। 36 घंटे का निर्जला व्रत उषा अर्घ्य के बाद पूरा हुआ। अर्घ्य के बाद व्रतियों ने अदरक का पानी और ठेकुआ खाकर पारण किया। इसके बाद प्रसाद का वितरण किया गया। कई जगहों पर लोगों ने एक-दूसरे को गले लगाकर छठ की बधाई दी। बहेड़ी में बिहार-पूर्वांचल मूल के परिवारों के साथ-साथ स्थानीय परिवारों ने भी छठ मनाया। इस बार भी छठ ने पूरे बहेड़ी को एक सूत्र में बांध दिया। इसके अलावा सेमीखेड़ा चीनी मिल में भी महापर्व छठ मनाया गया। घाटों पर छठ के पारंपरिक गीत गूंजते रहे : घाटों पर दीपों की रोशनी और ठंडी हवा के बीच का नजारा बेहद भक्तिमय था। सुबह के अर्घ्य के लिए नगर पालिका की ओर से घाटों पर सफाई, लाइट और पानी की व्यवस्था की गई थी। पुलिस भी सुबह से ही घाटों पर तैनात रही, जिससे किसी तरह की अव्यवस्था न हो। इस मौके पर भाजपा के नगर अध्यक्ष राहुल गुप्ता, सुनील रस्तोगी, अरुण गंगवार, सभासद रमेश सिंह, विकास शर्मा, अमित बंसल, मिथिलेश श्रीवास्तव अमन गुप्ता आदि मौजूद रहे।।
बरेली से कपिल यादव
