कार्रवाई न होने पर टावर पर चढ़ गए भाकियू नेता

बरेली/फतेहगंज पश्चिमी। अधिकारियों को बार-बार ज्ञापन देने के बाद भी छुट्टा पशुओं को न पकड़े जाने एवं नदी किनारे अवैध खनन करने वालों पर कार्रवाई न होने से आक्रोशित भाकियू के तहसील अध्यक्ष मोबाइल के टावर पर चढ़ गए। एसडीएम के कार्रवाई का आश्वासन देने पर भाकियू नेता ढाई घंटे बाद टावर से उतरे। भाकियू छुट्टा पशुओं को पकड़ कर गोशालाओं में संरक्षित करने और नदी किनारे अवैध खनन करने वाले दबंगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रही है। भाकियू पदाधिकारियों ने अपनी मांगों को लेकर अधिकारियों को कई बार ज्ञापन दिए, लेकिन कार्रवाई नही हुई। भाकियू ने अपनी मांगों को लेकर सोमवार को मनकरी गांव मे पंचायत की। पंचायत में किसानों ने छुट्टा पशुओं से फसलों को हो रहे नुकसान का मामला जोर शोर से उठाया। दोपहर तक किसी अधिकारी के पंचायत मे न पहुंचने पर भाकियू के तहसील अध्यक्ष चौ. सुधीर बालियान आक्रोशित होकर करीब तीन बजे मोबाइल टावर पर चढ़ गए। प्रदर्शन कर रहे किसान एसडीएम को मौके पर बुलाने पर अड़ गए। सूचना मिलने पर एसडीएम निधि शुक्ला, सीओ हाईवे, निरीक्षक अपराध कुलदीप कुमार, चौकी प्रभारी आदेश कुमार, लेखपाल आदित्य गंगवार मौके पर पहुंच गए। एसडीएम के कार्रवाई का आश्वासन देने पर तहसील अध्यक्ष करीब 5.30 बजे टावर से नीचे उतरे। एसडीएम सीओ ने उनके साथ नदी किनारे जाकर खनन वाले एरिया को देखा। प्रदर्शन में राकेश सिंह, अरविंद सिंह सोमवंशी, डॉ. मुदित प्रताप सिंह, झुंडे सिंह, मदन लाल, मान सिंह, हरदयाल गंगवार आदि शामिल हुए।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *