बरेली। बरेली के महानगर कॉलोनी निवासी रिटायर्ड सीओ मनोज कुमार सिंह की बदायूं के इस्लामियां इंटर कॉलेज मैदान मे वॉलीबॉल खेलते समय अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। मनोज ने लंबे समय तक बदायूं, बरेली और चंदौली में पुलिस विभाग में सेवाएं दी थी। बताया जा रहा है कि पांच ओवर गेंदबाजी के बाद छठे ओवर की तैयारी करते समय अचानक मनोज कुमार के सीने में तेज दर्द उठा और वह मैदान पर गिर पड़े। साथी खिलाड़ी उन्हें जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने बरेली रेफर कर दिया, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। मनोज सिंह परिवार के साथ बरेली के महानगर में रहते थे। बदायूं में उन्होंने इंटरमीडिएट तक की पढ़ाई की थी। पुलिस सेवा के दौरान वह लंबे समय तक बदायूं में सदर कोतवाल रहे थे। बाद में पदोन्नति पाकर सीओ बने। उनके निधन की सूचना से बदायूं और बरेली में शोक की लहर दौड़ गई। बरेली उनका शव लाया गया। उनकी मौत की खबर घर पहुंचते ही परिवार के लोग मैदान पर आ गए। पूर्व सीओ के निधन की जानकारी मिलते ही पुलिस विभाग से जुड़े अधिकारियों, कर्मचारियों, मित्रों और शुभचिंतकों ने शोक जताया। सोशल मीडिया पर भी लोगों ने उन्हें श्रद्धांजलि दी।।
बरेली से कपिल यादव
