बरेली। भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष और कैबिनेट मंत्री भूपेंद्र चौधरी ने शनिवार को शहर और कैंट विधानसभा की बैठक ली। उन्होंने फॉर्म 6 भरवा कर अधिक से अधिक नए वोट बनवाने पर जोर दिया। भूपेंद्र चौधरी ने प्रदेश, महानगर और मंडल के कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की। कार्यकर्ताओं से संवाद करते हुए उन्होंने कहा कि बड़ी संख्या में वोट काटे गए हैं। ऐसे में फॉर्म 6 भरवा कर नए मतदाताओं का वोटर लिस्ट में नाम दर्ज कराया जाए। उन्होंने कहा कि सभी कार्यकर्ता आपसी तालमेल के साथ कार्य करें और जनता के बीच में जाकर संपर्क करें। भारतीय जनता पार्टी सभी के साथ बिना भेदभाव के कार्य करती है। उन्होंने सभी पदाधिकारियों के साथ संपर्क संवाद किया और सुझाव भी मांगे। बैठक में प्रमुख रूप से प्रदेश उपाध्यक्ष दुर्विजय सिंह शाक्य, राज्यसभा सांसद श्रुति गंगवार, महानगर अध्यक्ष अधीर सक्सेना, गुलशन आनंद, राम गोपाल मिश्रा, पुष्पेंद्र शर्मा, डॉ के एम अरोड़ा, इंदू सेठी, बंटी ठाकुर, विष्णु शर्मा, राजीव साहनी आदि मौजूद रहे। समरसता सम्मेलन आज उप मुख्यमंत्री होंगे शामिल : बरेली। भाजपा एमबी इंटर कॉलेज के मैदान पर रविवार को प्रतिभा सम्मान समारोह और सामाजिक समरसता सम्मेलन का आयोजन करने जा रही है। इस सम्मेलन में उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। विधानसभा चुनाव से पूर्व भाजपा विभिन्न कार्यक्रमों के जरिए जनता तक अपनी आवाज पहुंचा रही है। इसी क्रम मे रविवार को एमबी इंटर कॉलेज में सामाजिक समरसता सम्मेलन का आयोजन हो रहा है। इसमें उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। केशव लखनऊ से राजकीय वायुयान द्वारा दोपहर 1:50 बजे बरेली एयरपोर्ट पहुंच जाएंगे। उनके साथ वन एवं पर्यावरण राज्य मंत्री डा. अरुण कुमार भी होंगे। 2:05 बजे उनका एमबी इंटर कॉलेज मैदान पर आगमन होगा। 2:45 बजे केशव प्रसाद मौर्य सर्किट हाउस रवाना हो जाएंगे।।
बरेली से कपिल यादव
