मीरगंज, बरेली। जनपद के थाना मीरगंज क्षेत्र के लभारी गांव मे शुक्रवार को खेतों में पशुओं के अवशेष मिलने से हड़कंप मच गया। गेहूं की बुवाई करने पहुंचे किसान को खेत में जगह-जगह खून बिखरा मिला। तलाश करने पर पशुओं के अवशेष पड़े दिखाई दिए। ग्रामीणों ने गोवंशीय पशुओं के वध की आशंका जताते हुए आक्रोश जताया। सूचना पर पहुंची पुलिस और फील्ड यूनिट की टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। पशु चिकित्सकों ने अवशेषों के नमूने लेकर जांच के लिए भेजे हैं। फिलहाल अवशेष किस पशु के हैं, इसकी पुष्टि नहीं हो सकी है। लभारी निवासी प्रभात कुमार शुक्रवार सुबह गेहूं की बुवाई करने खेत पर पहुंचे थे। वहां खून बिखरा देखकर उन्हें अनहोनी की आशंका हुई। उन्होंने जिला पंचायत सदस्य निरंजन यदुवंशी को सूचना दी। इसके बाद ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। मौके पर पशुओं के अवशेष मिले, लेकिन किसी पशु का सिर और खाल बरामद नहीं हुई। ग्रामीणों का दावा है कि घटनास्थल के आसपास पेड़ों पर ररसी बांधने के निशान भी मिले हैं। सूचना पर जिला पंचायत सदस्य ग्रामीणों के साथ मौके पर पहुंचे। इसके बाद सीओ अजय कुमार, एसओ अजय प्रताप सिंह और बरेली से पहुंची फील्ड यूनिट की टीम ने जांच-पड़ताल की। जिला पंचायत सदस्य ने बताया कि अवशेष पुलिस चौकी से महज दो सौ मीटर की दूरी पर मिले हैं। उनके मुताबिक, अवशेष कई पशुओं के प्रतीत हो रहे है। एसओ अजय प्रताप सिंह ने बताया कि मौके पर एक ही पशु के अवशेष मिले हैं। हालांकि पशु की प्रजाति स्पष्ट नहीं है। पुलिस सभी पहलुओं पर ध्यान में रखकर जांच कर रही है। डिप्टी सीवीओ कुलदीप अहलावत ने बताया कि टीम को मौके पर न तो खाल मिली और न ही मांस। वहां पेट के अंदरूनी हिस्सों के अवशेष मिले हैं। इनके नमूने एकत्र कर प्रयोगशाला भेजे जा रहे हैं। रंग और बनावट एक के आधार पर परीक्षण किया जाएगा। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही पता चल सकेगा कि अवशेष किस पशु के हैं। एसओ अजय प्रताप सिंह ने बताया कि पशु चिकित्साधिकारी ने अवशेषों के नमूने लेकर जांच के लिए भेज दिए हैं। पुलिस ने मामले मे अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जांच के रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।।
बरेली से कपिल यादव
