बरेली/फतेहगंज पश्चिमी। कस्बे के मोहल्ला ठाकुरद्वारा स्थित वसंत विहार कॉलोनी निवासी मोहन स्वरूप शर्मा उर्फ मोनू पंडित ने गुरुवार की शाम जहरीला पदार्थ खा लिया। हालत बिगड़ने पर पड़ोसियों ने उसे निजी अस्पताल में भर्ती कराया। जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। थाना प्रभारी निरीक्षक प्रवीन कुमार ने बताया कि मोनू शराब का आदी था। इसके चलते उसकी पत्नी चित्रा ज्यादातर अपने मायके मे रहती थी। इस वजह से वह मानसिक तनाव में रहता था। बुधवार को भैया दूज के त्योहार पर वह अपनी पत्नी को मायके छोड़कर आया था। वह पहले भी कई बार आत्महत्या का प्रयास कर चुका था लेकिन समय रहते उपचार मिलने से उसकी जान बच गई थी। हालांकि, इस बार उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। जहरीला पदार्थ खाने का कारण अभी स्पष्ट नही हो सका है। मोनू अपने पीछे पत्नी चित्रा, आठ वर्षीय पुत्री हिमांशी, छह वर्षीय पुत्र सार्थक और पिता राकेश शर्मा को छोड़ गया है। युवक की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। सीओ हाईवे देवेश सिंह ने बताया कि युवक के शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। बिसरा सुरक्षित रख लिया गया है। ट्रेन से गिरकर युवक की मौत : भमोरा। बरेली कासगंज ट्रैक पर एक अधेड़ का शव मिला है। पुलिस का मानना है कि व्यक्ति ट्रेन से गिरकर घायल हुआ और अत्यधिक खून बहने से उसकी मौत हो गई। पुलिस जांच पड़ताल में युवक पुलिस के जूते तथा पुलिस के ही मोजे तथा सादा कपड़े पहने था। युवक की उम्र लगभग 50 वर्ष है। जामा तलाशी मे उसकी जेब से को भी कागज नही निकला जिससे उसकी पहचान की जा सके।।
बरेली से कपिल यादव
