बरेली। मेयर उमेश गौतम के निजी सहयोगी प्रद्युम्न ने दो लोगों के खिलाफ धमकी देने के आरोप में एफआईआर दर्ज कराई है। साथ ही उन्हें और मेयर को जानमाल का खतरा होने की आशंका जताई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इज्जतनगर के गांधीपुरम निवासी प्रद्युम्न ने पुलिस को बताया है कि उन्हें बृहस्पतिवार रात अलग अलग नंबरों से फोन आया था। फोन करने वालों ने अपना नाम मोहित उप्रेती और संजीव अग्रवाल बताया था। दोनों खुद को पत्रकार बता रहे थे। दोनों ने उन्हें यह कहकर धमकाने की कोशिश की कि उनके नंबर से किसी व्यक्ति ने उन्हें कॉल की है। इस पर उन्होंने कहा कि यह फोन नंबर उनका है और उनके ही पास रहता है। उन्होंने किसी को फोन नहीं किया। इस पर दोनों ने उन्हें धमकी दी और ब्लैकमेलिंग के अंदाज से बात की। इसी दौरान बातचीत करने वालों के पीछे से आवाज आ रही थी कि इसे तो निपटा देंगे। प्रद्युम्न ने आशंका जताई है कि मेयर की लोकप्रियता के चलते असामाजिक तत्व उनके खिलाफ कोई षडयंत्र कर रहे हैं। इससे उन्हें और मेयर को जान माल का खतरा है। प्रद्युम्न की शिकायत पर कोतवाली पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। इंस्पेक्टर कोतवाली राजीव कुमार ने बताया कि मेयर को धमकी देने के मामले मे केस दर्ज किया गया है। मामले की जांच की जा रही है। आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।।
बरेली से कपिल यादव
