आईसीएल-चेयरमैन गोला समेत 20 पर तीन और मुकदमे

बरेली। निवेशकों के करोड़ों रुपये लेकर फरार हुई चिटफंड कंपनी आईसीएल समूह और इसके चेयरमैन आरके गोला समेत 20 आरोपियों पर थाना प्रेमनगर में तीन अन्य एफआईआर दर्ज की गई हैं। अब इस गैंग के खिलाफ फर्जीवाड़ा करने के आरोप में 43 मुकदमे हो चुके हैं। बता दें कि मई 2022 में प्रेमनगर की गांधीनगर कॉलोनी स्थित आईसीएल चिटफंड कंपनी निवेशकों के करोड़ों रुपये लेकर फरार हुई तो मामला पुलिस तक पहुंचा। निवेशकों ने इज्जतनगर की जमुना विहार कॉलोनी निवासी कंपनी के सीएमडी रूप किशोर गोला उर्फ आरके गोला और अशोकनगर मढ़ीनाथ निवासी जीएम जितेंद्र गुप्ता को पकड़कर प्रेमनगर पुलिस को सौंप दिया। तत्कालीन एसएसपी प्रभाकर चौधरी ने तमाम सिफारिशों के बावजूद रिपोर्ट दर्ज कराकर दोनों आरोपियों को जेल भेज दिया। इसके बाद कई अन्य आरोपी भी गिरफ्तार कर जेल भेजे गए। तब से ही इस ग्रुप के खिलाफ केस दर्ज होने का सिलसिला जारी है। कोर्ट के आदेश पर दर्ज कराई गई हैं तीनों एफआईआर: इस ग्रुप के खिलाफ थाना प्रेमनगर में बदायूं के थाना उझानी के गांव कछला पुख्ता निवासी नरेंद्र सिंह ने तीन अन्य एफआईआर दर्ज कराई हैं। नरेंद्र इस कंपनी के एजेंट थे और तीन दिन पहले भी कोर्ट के आदेश पर तीन रिपोर्ट दर्ज करा चुके हैं। इन रिपोर्ट उन्होंने कंपनी के चेयरमैन रूप किशोर गोला, आईसीएल म्युचुअल बेनिफिट कॉरपोरेशन लिमिटेड, इमेज कैरियर लिमिटेड, आईसीएल फैमिली लिमिटेड, निदेशक अनिल कुमार साहू, जितेंद्र गुप्ता, दीपक भटनागर, अवधेश कुमार गोला, दिनेश कुमार, आनंद पाल गोला, नंदन कुमार, अकील अहमद, श्रीराम, पुष्पेंद्र, अमित शर्मा, ओमवीर कश्यप, दीपमाला सक्सेना, मोहित सक्सेना और दो अज्ञात को आरोपी बनाया है। निवेशक बना रहे रकम देने का दबाव : नरेंद्र ने वर्ष 2012 में आरोपियों पर कासगंज के गांव हुसैनपुर न्योली की प्रीति से 19353 रुपये, उनके अपने गांव के राजकुमार माहेश्वरी के 72982 रुपये और पड़ोस के गांव पिपरौल पुख्ता निवासी कमलेश देवी के 1.85 लाख रुपये हड़पने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि आरोपियों ने रकम हड़प ली और निवेशक उन पर दबाव बना रहे हैं। इस वजह से वह घर छोड़कर इज्जतनगर में रह रहे हैं। इस वजह से उन्होंने आरोपियों पर रिपोर्ट दर्ज कराकर कार्रवाई की मांग की है।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *