बरेली। जिला अस्पताल में गुरुवार को मरीजों की भीड़ उमड़ पड़ी। बीते चार दिन में तीन दिन आधा दिन ही ओपीडी चली थी। इसका असर दिखा और गुरुवार को दोपहर 2 बजे के बाद भी दवा लेने के लिए काउंटर पर मरीज खड़े रहे। ओपीडी में सुबह से ही पर्चा काउंटर से लेकर दवा काउंटर, फार्मेसी, अल्ट्रासाउंड, एक्सरे कक्ष तक लंबी कतार लगी रही। मौसम में हुए बदलाव के चलते सर्दी, खांसी, जुकाम, बुखार और पेट संबंधी समस्या वाले मरीजों की संख्या तेजी से बढ़ी है। गुरुवार को ओपीडी में 1900 से अधिक मरीजों का पंजीकरण हुआ। त्योहार के चलते सोमवार से बुधवार तक जिला अस्पताल की ओपीडी प्रभावित रही। आधा दिन ही ओपीडी का संचालन हुआ था। गुरुवार को चार दिन बाद सामान्य ओपीडी हुई तो मरीजों की भीड़ करीब हर काउंटर पर रही। त्वचा की बीमारी के साथ ही बुखार, सर्दी-खांसी, जुकाम, पेट दर्द, दस्त, बदहजमी, सीने में जकड़न जैसी परेशानी वाले मरीजों की संख्या अधिक रही। वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. हरपाल सिंह ने बताया कि इस समय बुखार के साथ सर्दी-जुकाम के मरीज ओपीडी में अधिक आ रहे हैं। सांस की बीमारी से पीड़ित मरीजों को इस मौसम में विशेष सावधानी बरतनी चाहिए। कई कक्ष में नहीं मिले डॉक्टर, इंटर्न ने देखे मरीज : गुरुवार को जिला अस्पताल में ओपीडी में कई कक्ष खाली रहे। यहां डॉक्टर नहीं थे और उनकी जगह इंटर्न मरीज देख रहे थे। इस समय जिला अस्पताल में एक ही फिजिशियन डॉ. एएम अग्रवाल हैं। ऐसे में उनको ही ओपीडी के साथ ही इमरजेंसी, वीआईपी ड्यूटी भी करनी पड़ रही है। इसके चलते भी फिजिशियन की ओपीडी प्रभावित हो रही है। पैथोलॉजी में 195 मरीजों की हुई जांच : गुरुवार को पैथोलॉजी में जांच कराने के लिए मरीजों की लाइन पुलिस चौकी के आगे तक लगी रही। पैथलाजी में जांच के पहले होने वाले रजिस्ट्रेशन के लिए भी मरीजों को 30 से 45 मिनट तक इंतजार करना पड़ा। गुरुवार को पैथलाजी में 195 नए मरीजों का पंजीकरण हुआ। यही हाल अल्ट्रासाउंड केंद्र का भी रहा। यहां गुरुवार को पहले इमरजेंसी वाले मरीजों की जांच हुई। कई मरीजों को दो से तीन दिन बाद की तारीख दी गई।।
बरेली से कपिल यादव
