बरेली। एआईएमआईएम अध्यक्ष असदुद्दीन ओवैसी और आजाद समाज पार्टी के अध्यक्ष चंद्रशेखर आजाद के बीच गठबंधन के ऐलान के बाद उत्तर प्रदेश की सियासत में नए समीकरण बनने लगे हैं। ऑल इंडिया मुस्लिम जमात के राष्ट्रीय अध्यक्ष मौलाना मुफ्ती शहाबुद्दीन रजवी बरेलवी ने इस गठबंधन का स्वागत करते हुए इसे प्रदेश की राजनीति में तीसरे मोर्चे की मजबूत शुरुआत बताया। उन्होंने दावा किया कि 2027 के विधानसभा चुनाव में यह गठबंधन समाजवादी पार्टी के सामने मजबूत विकल्प बनकर उभरेगा। मौलाना शहाबुद्दीन रजवी ने प्रेस वार्ता में ओवैसी और चंद्रशेखर आजाद को पढ़े-लिखे और राजनीतिक रूप से प्रभावशाली नेता बताते हुए गठबंधन के लिए बधाई दी। उन्होंने कहा कि तीसरे मोर्चे को केवल दो दलों तक सीमित नहीं रखना चाहिए। इसमें भारत जोड़ो पार्टी, पीस पार्टी, मुस्लिम मजलिस और राष्ट्रीय उलेमा काउंसिल समेत छोटे राजनीतिक दलों और क्षेत्रीय संगठनों को भी शामिल किया जाना चाहिए। उनके मुताबिक, अधिक दलों के एक मंच पर आने से गठबंधन की राजनीतिक ताकत बढ़ सकती है। प्रेस वार्ता में मौलाना ने गठबंधन की सरकार बनने पर मुख्यमंत्री पद को लेकर भी सुझाव दिया। उन्होंने कहा कि वर्ष 2027 में यदि मुस्लिम-दलित गठबंधन सत्ता में आता है तो पहले ढाई साल मुस्लिम मुख्यमंत्री और अगले ढाई साल दलित मुख्यमंत्री होना चाहिए। उनका कहना था कि इससे दोनों वर्गों को सत्ता में बराबर की भागीदारी मिल सकेगी। हालांकि, यह उनका व्यक्तिगत राजनीतिक प्रस्ताव है, गठबंधन की ओर से ऐसी किसी व्यवस्था की आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है। मौलाना ने समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए कहा कि मुस्लिम मुख्यमंत्री बनाने और आबादी के अनुपात में टिकट देने की मांग लंबे समय से उठाई जाती रही है, लेकिन इन मांगों पर गंभीरता से ध्यान नहीं दिया गया। प्रेस वार्ता में नसीर अहमद नूरी, अब्दुल हसीब खां, मौलाना मुजाहिद हुसैन, काशिफ खां, नाजिम अली और हाफिज रजी अहमद समेत अन्य लोग मौजूद रहे।।
बरेली से कपिल यादव
