मध्य प्रदेश की गुमशुदा महिला को बालोतरा सखी वन स्टॉप सेंटर ने परिजनों तक पहुंचाया

राजस्थान/बाड़मेर- मध्य प्रदेश से लापता होकर राजस्थान पहुंची एक महिला को सखी वन स्टॉप सेंटर ने पुलिस एवं परिजनों के सहयोग से सुरक्षित उसके परिवार तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। महिला को आवश्यक काउंसलिंग एवं परामर्श प्रदान करने के बाद उसके परिजनों और मध्य प्रदेश पुलिस के प्रतिनिधि को सुपुर्द किया गया।

केंद्र प्रबंधक सुमन कच्छवाह ने बताया कि वर्ष 2026 में पचपदरा पुलिस द्वारा महिला को संरक्षण एवं सहायता के लिए सखी वन स्टॉप सेंटर लाया गया था। महिला मध्य प्रदेश की निवासी एवं विवाहित थी। वह किसी कारणवश बिना परिजनों को सूचित किए घर से निकल गई थी। इस संबंध में उसके परिजनों ने मध्य प्रदेश में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करवाई थी। घर से निकलने के बाद महिला ट्रेन के माध्यम से राजस्थान पहुंची तथा जोधपुर रेलवे स्टेशन पर उतरने के बाद भटकते हुए बालोतरा पहुंच गई। यहां पचपदरा पुलिस ने उसे आवश्यक सहायता एवं संरक्षण उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से सखी वन स्टॉप सेंटर में प्रस्तुत किया।

उन्होंने बताया कि केंद्र पर महिला की काउंसलिंग कर उसे आवश्यक परामर्श एवं सहयोग प्रदान किया गया। प्रारंभ में महिला के पास परिजनों के संपर्क नंबर एवं अन्य जानकारी उपलब्ध नहीं होने से परिवार से संपर्क स्थापित करने में परेशानी आई। इसके बाद पुलिस के सहयोग से महिला के परिजनों की जानकारी जुटाई गई और उनसे संपर्क कर महिला के बालोतरा में सुरक्षित होने की सूचना दी गई।

सूचना मिलने पर महिला के परिजन एवं मध्य प्रदेश पुलिस के प्रतिनिधि सखी वन स्टॉप सेंटर पहुंचे। केंद्र स्टाफ ने महिला एवं परिजनों की काउंसलिंग की तथा आवश्यक पहचान एवं सत्यापन की प्रक्रिया पूरी की। इसके बाद महिला को सुरक्षित रूप से उसके परिजनों एवं मध्य प्रदेश पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया। इस प्रकरण के सफल निस्तारण में लीगल काउंसलर उस्मा सियाग एवं अन्य स्टाफ सदस्यों ने सक्रिय भूमिका निभाई। पुलिस और परिजनों के आपसी समन्वय से महिला को सुरक्षित उसके परिवार तक पहुंचाया गया।
सखी वन स्टॉप सेंटर महिला सुरक्षा, सहायता एवं पुनर्वास के लिए निरंतर कार्य कर रहा है।

— राजस्थान से राजूचारण

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *