बरेली। जनपद शाहजहांपुर निवासी एक युवक बरेली मे हनीट्रैप का शिकार हो गया। महिला से दोस्ती के बाद उसे एक होटल में बंधक बनाकर 21 हजार रुपये वसूले गए। दो हजार रुपये महिला पहले ही ले चुकी थी। आरोपियों ने उसकी निजी चैट वायरल करने की धमकी देकर दो लाख रुपये और मांगे हैं। पीड़ित युवक ने 28 अक्तूबर को एसएसपी से शिकायत की है। युवक ने बताया कि उसके पिता का मकान फरीदपुर कस्बे मे है। करीब दो महीने पहले वह वहां किराने की दुकान चलाता था। इसी दौरान पड़ोस मे रहने वाली एक महिला से उसकी जान-पहचान हुई थी। महिला ने पहले उसे दो हजार रुपये उधार लेने के बहाने अपने जाल में फंसाया। 17 अक्तूबर को महिला ने वॉट्सएप पर बातचीत कर दो हजार रुपये उधार मांगे। युवक ने एक व्यक्ति के क्यूआर कोड पर रुपये डलवा दिए। अगले दिन महिला ने उसे आलमगिरिगंज स्थित वसुंधरा होटल मे मिलने बुलाया। युवक जब होटल पहुंचा तो महिला नही मिली। वहां तीन युवक और उनका एक साथी मौजूद था। वे उसे होटल के कमरा नंबर 202 मे ले गए और बंधक बना लिया। एक युवक ने तमंचा दिखाकर उसका मोबाइल कब्जे मे ले लिया और जेब से 16 हजार रुपये निकाल लिए। इसके बाद मारपीट कर उसका वीडियो बनाया गया और चैट वायरल करने की धमकी दी गई। पीड़ित का आरोप है कि आरोपियों ने अलग-अलग खातों मे 50 हजार, 40 हजार और एक लाख रुपये ट्रांसफर कराने की कोशिश की लेकिन लेनदेन सफल नही हुआ। बाद मे उसे शहर के अलग-अलग स्थानों पर ले जाकर रुपये निकलवाने का प्रयास किया गया। अंत मे एक व्यक्ति के यूपीआई खाते मे पांच हजार रुपये डलवाए गए। आरोपियों ने मोबाइल से चैट डिलीट कर फोन वापस कर दिया। एसएसपी के आदेश पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है।।
बरेली से कपिल यादव
