आंवला, बरेली। जनपद के थाना आंवला क्षेत्र मे संरक्षित पशुओं को मारने के में पुलिस ने 25 हजार रुपये के इनामी हिस्ट्रीशीटर को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी छोटा उर्फ रिजवान के पैर में गोली लगी है, जबकि एक सिपाही दुलीचंद्र भी घायल हुआ है। दोनों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सीओ आंवला हेमंत उपाध्याय ने बताया कि रिजवान रामपुर के मिलक क्षेत्र का रहने वाला है। वह एक हिस्ट्रीशीटर है। उस पर कुल 19 मुकदमे दर्ज हैं। एसएसपी बरेली ने उसकी गिरफ्तारी पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। आंवला में दर्ज गोकशी के मामले में वह वांछित चल रहा था। पुलिस के अनुसार रविवार सुबह करीब 6:02 बजे मुखबिर से सूचना मिलने पर टीम ने रेवती मोड़ के पास घेराबंदी की। इसी दौरान रेवती की ओर से एक संदिग्ध व्यक्ति आता दिखाई दिया। पुलिस ने उसे रुकने का इशारा किया तो उसने टीम पर फायरिंग कर दी। गोली सिपाही दुलीचंद की बाई बाजू को छूकर निकल गई। इसके बाद पुलिस की जवाबी फायरिंग में आरोपी के दाहिने पैर में गोली लगी। पुलिस ने उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस का कहना है कि इस मामले में पहले ही दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। पकड़ा गया रिजवान गैंगस्टर और हिस्ट्रीशीटर बताया गया है। पुलिस ने मुठभेड़ के संबंध में भी उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। गोवंशीय पशुओं के वध के मामले में पुलिस पहले ही दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। तीसरे आरोपी रिजवान की गिरफ्तारी के लिए पुलिस तलाश कर रही थी। उस पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था। मुठभेड़ के बाद उसकी गिरफ्तारी से पुलिस ने मामले में एक और कार्रवाई की है। पुलिस के मुताबिक पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह अपने साथियों के साथ मिलकर पहले क्षेत्र में रेकी करता था। वे ऐसे स्थानों की तलाश करते थे, जहां छुट्टा पशु आसानी से मिल सकें। शुक्रवार शाम से ही वह संरक्षित पशुओं की तलाश में रेकी कर रहा था। पहले भी उसने बदायूं-आंवला रोड पर एक संरक्षित पशु को मारा था। उस समय पुलिस के पहुंचने पर रिजवान और उसका साथी सरदार उर्फ नीशू बाइक से भाग गए थे, जबकि हैदर अली और शाहरुख पकड़े गए थे।।
बरेली से कपिल यादव
