बरेली/फतेहगंज पश्चिमी। कस्बे के वार्ड नौगवां और साहूकारा को जोड़ने वाली गली मे सीसी रोड निर्माण से पहले बनाई जा रही नाली की गुणवत्ता पर स्थानीय लोगों ने सवाल उठाए है। लोगों ने ठेकेदार पर मानकों की अनदेखी का आरोप लगाते हुए विरोध जताया। नेत्रपाल सिंह के मकान से वसंत कश्यप के मकान तक डूडा कार्यालय से स्वीकृत सड़क का निर्माण कराया जा रहा है। स्थानीय निवासी अमन पांडेय, आयुष श्रीवास्तव, राजेश श्रीवास्तव, वीरपाल श्रीवास्तव, केशव, अनिल श्रीवास्तव और भाजपा नेत्री मंजू कोरी समेत अन्य लोगों का आरोप है कि नाली निर्माण मे सीमेंट-बजरी का सही मिश्रण नही किया जा रहा है। पुरानी ईंटों का इस्तेमाल करने के साथ ही नाली की चौड़ाई भी कम रखी जा रही है। लोगों ने पुरानी इंटरलॉकिंग सड़क को उखाड़े बिना सीसी रोड बनाने की तैयारी पर भी आपत्ति जताई। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से निर्माण कार्य की जांच कराकर मानकों के अनुरूप काम कराने की मांग की है।।
बरेली से कपिल यादव
