बरेली। दीपावली पर आतिशबाजी की बिक्री के बीच सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन की जांच में बड़ी लापरवाही सामने आई है। सदर तहसील क्षेत्र के चंदपुर बिचपुरी गांव में आतिशबाजी की लाइसेंसधारी दुकान के बगल में ही अवैध रूप से गोदाम बनाकर बड़ी मात्रा में पटाखे और विस्फोटक सामग्री जमा की गई थी। शनिवार को प्रशासन की टीम ने निरीक्षण किया तो गोदाम में 70 गत्ते और कार्टून भरे मिले। इसके अलावा विस्फोटक सामग्री खुले में भी रखी हुई थी। अधिकारियों ने अवैध भंडारण वाली जगह को सील कर दिया। एसडीएम सदर इशिता किशोर ने तहसीलदार सदर व क्षेत्रीय लेखपाल प्रियंक मिश्रा के साथ ग्राम चंदपुर बिचपुरी स्थित हितैशी ट्रेडर्स का निरीक्षण किया। दुकान का संचालन शालिनी सिंह पत्नी केपी सिंह निवासी 22 एमईएस कॉलोनी, सौ फुटा रोड, थाना इज्जतनगर कर रही थी। इस दौरान वह मौके पर मौजूद मिलीं। अधिकारियों ने दुकान का आतिशबाजी लाइसेंस चेक किया। लाइसेंस का नवीनीकरण 31 मार्च 2027 तक पाया गया। जांच में दुकान के बराबर में एक दूसरी दुकान को गोदाम के रूप में इस्तेमाल करते हुए पाया गया। इसमें बिना अनुमति बड़ी मात्रा में आतिशबाजी जमा की गई थी। 70 गत्ते और कार्टून के अलावा कुछ विस्फोटक सामग्री खुले में रखी मिली। टीम ने लाइसेंस की निर्धारित शर्तों और नियमों का उल्लंघन मानते हुए अवैध रूप से रखी गई आतिशबाजी और खुली विस्फोटक सामग्री को गोदाम में रखवाकर सील कर दिया।।
बरेली से कपिल यादव
