किसानों को बकाया भुगतान न मिलने पर सपा का प्रदर्शन, विधायक अताउर रहमान ने भाजपा पर साधा निशाना

बहेड़ी, बरेली। जनपद की बहेड़ी की केसर चीनी मिल पर किसानों के 162 करोड़ रुपये के बकाया भुगतान और मिल को सुचारू रूप से चलाने की मांग को लेकर शनिवार को समाजवादी पार्टी (सपा) ने प्रदर्शन कर राज्यपाल को ज्ञापन भेजा। सपा विधायक अताउर रहमान के नेतृत्व में किसान और सपा कार्यकर्ता एसडीएम के माध्यम से ज्ञापन देने तहसील पहुंचे, लेकिन वहां कोई अधिकारी नही मिला। बाद में ज्ञापन प्रेषित कर दिया गया। इससे पहले सपा कार्यालय पर किसानों की सभा हुई। विधायक अताउर रहमान ने कहा कि क्षेत्र के गन्ना किसानों के 162 करोड़ रुपये केसर मिल पर बकाया है। सरकार ने 14 दिन में भुगतान का वादा किया था, लेकिन दो साल से भुगतान नहीं हुआ। इससे किसानों को बच्चों की पढ़ाई, शादी-विवाह, खेती-किसानी, बैंक कर्ज और इलाज तक में परेशानी हो रही है। ज्ञापन के माध्यम से मांग की गई है कि किसानों के बकाया 162 करोड़ रुपये का ब्याज सहित तत्काल भुगतान कराया जाए। मिल प्रबंधन को समय-सीमा तय कर भुगतान के निर्देश दिए जाएं। भुगतान में लगातार देरी के लिए जिम्मेदार अधिकारियों व मिल प्रबंधन की जवाबदेही तय की जाए। भविष्य में गन्ना मूल्य भुगतान समय पर सुनिश्चित कराया जाए और बेरोजगारी को देखते हुए चीनी मिल को सुचारू रूप से चलाया जाए। सपा नेताओं ने मांग पूरी न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी। सपा विधायक ने भाजपा पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि भाजपा फिर हिंदू-मुसलमान पर जाएगी, पाकिस्तान पर जाएगी। इनके नेताओं से कह दो विकास के नाम पर भाषण दो तो सब गूंगे हो जाएंगे, बोल नहीं सकते। कटोगे तो बंटोगे, बंटोगे तो कटोगे के अलावा इनके पास कुछ नहीं है। महंगाई पर कहा कि भाजपा सरकार आने से पहले सोना 46 हजार रुपये तोला था, आज डेढ़ लाख रुपये तोला हो गया है। सपा विधायक ने कहा कि ज्ञापन देना तो औपचारिकता है, असली लड़ाई गांव-गांव लोगों को समझाने की है। इस मौके पर नासिर रजा खां, वफाउर रहमान, डॉ प्रमोद शर्मा, लईक चांदनी, नसीम उर रहमान, पीर मोहम्मद, जिला पंचायत सदस्य ब्रह्म स्वरूप सागर, कमरुद्दीन सैफी, चंद्रपाल सिंह, अनीत पाल सिंह, सुरेंद्र सिंह, विजय राठी, सुखवीर सिंह, पुष्पेंद्र सिंह, सर्व दयाल सिंह, राकेश गंगवार, राम सिंह गुर्जर आदि मौजूद रहे।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *